RCB vs LSG Key Battle: 15 अप्रैल को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होने वाला है. यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में आरसीबी की मजबूत बल्लेबाजी के सामने लखनऊ की खतरनाक और किफायती गेंदबाजी की चुनौती होगी. आरसीबी ने अभी तक इस सीजन में कुल 4 मैच खेले हैं. इस दौरान हर बार आरसीबी के बल्लेबाजों ने 200 का आंकड़ा पार किया है. आरसीबी के पास विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार, देवदत्त और टिम डेविड जैसे धाकड़ बल्लेबाज हैं.
वहीं, दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजी आक्रमण पावरप्ले में भी किफायती गेंदबाजी कर रही है. लखनऊ की गेंदबाजी अटैक में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव जैसे घातक गेंदबाज हैं. ऐसे में इस मुकाबले में बल्ले और गेंद के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी. आइए जानते हैं कि इस मैच के ऐसे 5 बड़े बैटल के बारे में, जिस पर हर फैंस की नजरें होंगी.
विराट कोहली बनाम मोहम्मद शमी
पावरप्ले में विराट कोहली (Virat Kohli) का सामना LSG के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी से होगा. शमी ने आईपीएल में कोहली को 12 पारियों में 5 बार आउट किया है. कोहली ने शमी के खिलाफ 138.96 के स्ट्राइक रेट से 107 रन बनाए हैं. ऐसे में कोहली और शमी के बीच कांटे की टक्कर होगी.
भुवनेश्वर कुमार बनाम ऋषभ पंत
ऋषभ पंत (Rishabh Pant) का RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है. पंत ने भुवी के खिलाफ सिर्फ 54 गेंदों में 222.22 के शानदार स्ट्राइक रेट से 120 रन बनाए हैं. उन्होंने साल 2018 में भुवी के 1 ओवर में 26 रन (4, 4, 6, 6, 6) बनाए थे. भुवनेश्वर कुमार ने पंत को सिर्फ 1 बार आउट किया है. हालांकि इस बार भुवनेश्वर कुमार बाजी मार सकते हैं, क्योंकि ऋषभ पंत अच्छा फॉर्म में नहीं चल रहे हैं.
निकोलस पूरन बनाम क्रुणाल पांड्या
क्रुणाल पांड्या और निकोलस पूरन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एक साथ खेल चुके हैं. निकोलस पूरन फॉर्म में वापस आने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पांड्या अपनी फिरकी में बल्लेबाजों को फंसा रहे हैं. हालांकि निकोलस पूरन उनके सामने बड़ी चुनौती पेश करेंगे. पूरन स्पिन को अच्छे से खेलते हैं. ऐसे में वह पांड्या पर दबाव बना सकते हैं. क्रुणाल पांड्या ने पूरन को आईपीएल में 5 पारियों में सिर्फ 1 बार आउट किया है.
फिल साल्ट बनाम प्रिंस यादव
पावरप्ले में आरसीबी के तूफानी बल्लेबाज फिल साल्ट का सामना LSG के नए पेसर प्रिंस यादव से होगा. फिल साल्ट पावरप्ले में तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं, जबकि प्रिंस यादव शुरुआत में दबाव बनाने की कोशिश करते हैं.
एडन मार्करम बनाम जोश हेजलवुड
LSG के सलामी बल्लेबाज एडन मार्करम का सामना RCB के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड से होगा. इस बैटल में हेजलवुड का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है, क्योंकि उन्होंने पांच टी20 मैचों में एडन मार्करम को 2 बार आउट किया है. हालांकि मार्करम ने हेजलवुड के खिलाफ 144 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं.