Harbhajan vs Sreesanth Slapgate controversy: लगभग 17 साल बाद स्लैपगेट विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज श्रीसंत ने पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह पर हाल ही में आए एक एड को लेकर कड़ी आलोचना की है, जिसमें उनके पुराने विवाद का जिक्र किया गया था. श्रीसंत ने कहा कि समय के साथ उनके बीच तनाव जरूर कम हुआ था, लेकिन इस घटना को विज्ञापन में इस्तेमाल किए जाने से उनकी सोच पूरी तरह बदल गई. उन्होंने हरभजन सिंह को इंस्टाग्राम पर भी ब्लॉक कर दिया है.
यह विवाद 2008 में IPL के पहले सीजन के दौरान हुआ था, जब मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस हुई और हरभजन ने श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था. यह घटना जल्द ही क्रिकेट जगत में सुर्खियों में आ गई और IPL इतिहास के सबसे चर्चित विवादों में से एक बन गई. इसके बाद हरभजन सिंह पर कार्रवाई हुई और उन्हें पूरे टूर्नामेंट के लिए सस्पेंड कर दिया गया था, जबकि श्रीसंत की भावुक तस्वीरें भी काफी वायरल हुई थीं.
अपने हालिया बयान में श्रीसंत ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा तकलीफ उस घटना से नहीं, बल्कि उसके व्यावसायिक इस्तेमाल से हुई है. उनका आरोप है कि इस विवाद पर आधारित जो एड हरभजन ने किया है उनसे उसे भारी कमाई हुई और उन्होंने श्रीसंत को इसे इंस्टा स्टोरी पर लगाने के लिए भी कहा था. जिसके लिए उन्होंने मना कर दिया.
हरभजन ने एड से बनाया पैसा?
मलयालम न्यूज आउटलेट मथृभूमि से बातचीत में श्रीसंत ने कहा कि यह पहली बार है जब वह हरभजन सिंह पर सार्वजनिक रूप से बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई सालों तक उनके बीच कोई समस्या नहीं थी, लेकिन इस विज्ञापन ने पुरानी यादें फिर से ताजा कर दीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस विज्ञापन से लगभग 80 लाख से 1 करोड़ की कमाई हुई और उनसे इसे शेयर करने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया.
ये भी पढ़ें:- हरभजन सिंह से लेकर रविंद्र जडेजा तक… IPL इतिहास के 8 ऐसे खिलाड़ी, जिन पर BCCI ने लगाया था बैन
सोशल मीडिया पर किया ब्लॉक
श्रीसंत ने यह भी साफ किया कि अब उनके और हरभजन सिंह के बीच कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि पहले वह उन्हें भाई मानते थे, लेकिन हाल के घटनाक्रम के बाद यह रिश्ता खत्म हो गया है. उन्होंने बताया कि उन्होंने हरभजन को सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया है और अब कोई संपर्क नहीं रखते. उन्होंने आगे कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें सिखाया है कि माफ करना चाहिए, लेकिन भूलना नहीं चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन अब उन्हें किसी तरह के रिश्ते की जरूरत भी नहीं है.