IPL 2026 के 31वें मैच में, आज सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगे. यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा जो शाम 7:30 बजे शुरू होगा. लगातार दो हार झेलने के बाद SRH ने अपने पिछले दो मैच जीतकर शानदार वापसी की है और टीम आज इस लय को बनाए रखने की कोशिश करेगी. DC भी अपने पिछले मैच में जीत हासिल करके आ रही है. अक्षर पटेल की कप्तानी में, इस टीम ने भी लगातार दो मैच हारने के बाद अपने पिछले मुकाबले में जीत के साथ वापसी की है. आज के मैच से जुड़ी सभी जानकारी पाएं, जिसमें संभावित प्लेइंग XI, पिच और मौसम की रिपोर्ट, और हेड-टू-हेड आंकड़े शामिल हैं.
आमने-सामने का मुकाबला (Head-to-Head)
देखा जाए तो दोनों टीमों के बीच टक्कर हमेशा कांटे की रही है. अब तक के रिकॉर्ड्स कुछ इस तरह हैं:
कुल मैच: 26
सनराइजर्स हैदराबाद की जीत: 13
दिल्ली कैपिटल्स की जीत: 12
बेनतीजा : 1
आंकड़ों से साफ है कि पलड़ा लगभग बराबर है, बस हैदराबाद एक कदम आगे है.
पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों की मौज!
आज हैदराबाद का राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम रनों की बारिश का गवाह बन सकता है. पिच काफी सख्त और सपाट है जिस पर गेंद बल्ले पर बहुत अच्छे से आएगी. यहाँ की काली मिट्टी वाली सूखी पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है. शाम को ओस का असर हो सकता है इसलिए टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगा ताकि बाद में लक्ष्य का पीछा करना आसान रहे.
मौसम का हाल
हैदराबाद में आज अच्छी-खासी गर्मी है. दिन का तापमान 37°C से 40°C तक जा सकता है. दोपहर हल्की आंधी या बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है, लेकिन अच्छी बात यह है कि मैच शुरू होने तक आसमान साफ हो जाने की उम्मीद है. शाम को जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा उमस बढ़ सकती है, जिससे खिलाड़ियों को थोड़ी थकान महसूस हो सकती है.
संभावित प्लेइंग XI (दोनों टीमें)
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नीतीश रेड्डी, अनिकेत वर्मा, सलिल अरोड़ा, लियाम लिविंगस्टोन/हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन
इम्पैक्ट प्लेयर: एहसान मलिंगा
दिल्ली कैपिटल्स (DC): केएल राहुल, पथुम निसंका, नीतीश राणा, समीर रिज़वी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल, अकीब नबी, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार
इम्पैक्ट प्लेयर: टी नटराजन