13
Virat Kohli and Shikhar Dhawan Fight: पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने विराट कोहली और शिखर धवन के बीच झगड़े की खबरों को गलत बताते हुए साफ किया था कि मामला उतना बड़ा नहीं था, जितना दिखाया गया. यह मामला 2014 के ब्रिस्बेन टेस्ट के दौरान सामने आया था. उस समय खबरें थीं कि कोहली को अचानक बल्लेबाजी के लिए भेजा गया, जिससे वह नाराज हो गए और धवन के साथ उनकी बहस हो गई. इस घटना को लेकर ड्रेसिंग रूम में बड़े विवाद की बातें कही जाने लगीं. आइए जानते हैं फिर क्या हुआ था.
लेकिन धोनी ने बाद में पूरी सच्चाई बताई. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक कम्युनिकेशन की गलती थी. धवन को प्रैक्टिस के दौरान कलाई में चोट लगी थी और वह बल्लेबाजी के लिए तैयार नहीं थे. लेकिन यह जानकारी टीम तक सही समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण कोहली को जल्दी-जल्दी तैयार होकर मैदान पर जाना पड़ा.
धोनी ने कहा-अफवाहों पर ध्यान न दें
एमएस धोनी ने माना कि ऐसे समय में थोड़ी परेशानी और तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन इसे झगड़ा कहना गलत है. उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि जो कहानियां बनाई गईं, वे हकीकत से ज्यादा फिल्मी लगती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए, क्योंकि इससे टीम के माहौल पर गलत असर पड़ता है. धोनी के अनुसार, टीम के अंदर सब कुछ ठीक था और खिलाड़ियों के बीच कोई बड़ी समस्या नहीं थी. धोनी ने टीम इंडिया के प्लेयर्स को चेताते हुए ये भी कहा था कि जो इस तरह की गलत अफवाहों को फैला है ये उनके लिए ठीक नहीं है.
धवन ने क्या कहा था?
बाद में धवन ने भी इस बात को स्वीकार किया कि मैदान पर छोटे-मोटे विवाद हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि विराट कोहली के साथ भी कभी-कभी गलतफहमी या हल्की बहस हुई, लेकिन इससे उनके रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ा. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि धोनी किस तरह शांत दिमाग से मुश्किल हालात को संभालते थे और टीम को एकजुट रखते थे.