Player Of The Match Selection: IPL 2026 में हर दिन एक के बाद एक नए विवाद देखने को मिल रहे हैं. अब एक नया विवाद प्लेयर ऑफ द मैच को लेकर सामने आया है. 15 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स का मैच खेला गया. इस मैच में आरसीबी ने 5 विकेट से लखनऊ को हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की. आरसीबी की जीत के बाद तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. इसको लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं. साथ ही आरसीबी फैंस भी अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं.
दरअसल, हेजलवुड ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर 1 विकेट लिया था. वहीं, 26 साल के युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार ने उसी पारी के दौरान 4 ओवर में 24 रन खर्च करके 4 विकेट लिए. इसके बावजूद जोश हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि आखिर प्लेयर ऑफ द मैच कैसे चुना जाता है? क्या इसके लिए कोई पैमाना है? आइए जानते हैं…
कैसे चुना जाता है POTM?
दुनिया की सभी क्रिकेट लीग में हर मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) का अवॉर्ड दिया जाता है. इसी तरह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी हर मुकाबले में किसी एक खिलाड़ी को यह अवॉर्ड दिया जाता है. यह अवॉर्ड जीतने वाली टीम के उस खिलाड़ी को दिया जाता है, जिसने जीत में सबसे ज्यादा योगदान दिया है. हालांकि कुछ मामलों में हारने वाली से शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को भी POTM का अवॉर्ड दिया जाता है. बता दें कि यह अवॉर्ड जीतने के लिए यह जरूरी नहीं है कि कोई खिलाड़ी सबसे ज्यादा रन बनाए या सबसे विकेट चटकाए, बल्कि टीम की जीत में ज्यादा योगदान देने वाले को प्राथमिकता दी जाती है.
कौन चुनता है प्लेयर ऑफ द मैच?
मैच के दौरान कमेंट्री बॉक्स में मौजूद सदस्य ही प्लेयर ऑफ द मैच चुनते हैं. इसमें आमतौर पर कमेंटेटर, ब्रॉडकास्टर शामिल होते हैं, जो क्रिकेट एक्सपर्ट या पूर्व क्रिकेटर रह चुके होते हैं. इतना ही नहीं, कभी-कभी इसके लिए अंपायरों से भी सलाह ली जाती है, जिन्होंने मैच को करीब से देखा होता है.
रसिख सलाम डार का क्यों नहीं मिला POTM?
आरसीबी बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच में जोश हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. माना जा रहा है कि जोश हेजलवुड ने मुश्किल ओवरों में किफायती गेंदबाजी की, जिससे बल्लेबाजों पर दबाव पड़ा. फिर अपने तीसरे ओवर में निकोलस पूरन का अहम विकेट भी लिया. 4 ओवर की स्पेल में हेजलवुड ने 10 डॉट गेंदें फेंकी. वहीं, दूसरी ओवर रसिख सलाम डार ने 4 ओवर की स्पेल में 8 ओवर डॉट गेंदें डालीं और 4 विकेट अपने नाम किए. ऐसे में अगर आंकड़ों को देखा जाए, तो रसिख सलाम डार को प्लेयर ऑफ द मैच मिलना चाहिए था. हालांकि कमेंट्री पैनल को लगा आरसीबी की जीत में जोश हेजलवुड की किफायती गेंद का ज्यादा योगदान है, तो उन्हें यह अवॉर्ड दिया गया.