8
IPL History Longest Sixes: इंडियन प्रीमियर लीग हमेशा से बड़े शॉट्स और धमाकेदार बल्लेबाज़ी के लिए जाना जाता है. इस लीग में चौके-छक्के आम बात हैं, लेकिन कुछ छक्के ऐसे रहे हैं जिन्होंने अपनी दूरी से सभी को चौंका दिया. आइए जानते हैं आईपीएल इतिहास के सबसे लंबे छक्कों के बारे में. इस लिस्ट में क्रिस गेल, प्रवीण कुमार जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
एल्बी मोर्केल: इस लिस्ट में सबसे ऊपर साउथ अफ्रीका के एल्बी मोर्केल हैं. जिन्होंने 2008 के पहले सीजन में 125 मीटर लंबा छक्का लगाया था. यह छक्का प्रवीण कुमार की गेंद पर आया था और आज भी इसे आईपीएल के सबसे यादगार पलों में गिना जाता है.
प्रवीण कुमार: दिलचस्प बात यह है कि प्रवीण कुमार खुद इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने उसी साल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 124 मीटर लंबा छक्का जड़कर सभी को हैरान कर दिया. यह साबित करता है कि गेंदबाज़ भी बड़े शॉट खेल सकते हैं.
एडम गिलक्रिस्ट: तीसरे नंबर पर हैं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट, जिन्होंने 2011 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 122 मीटर लंबा छक्का लगाया. गिलक्रिस्ट अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी के लिए जाने जाते थे और यह शॉट उसी का बेहतरीन उदाहरण है.
रॉबिन उथप्पा: चौथे स्थान पर हैं रॉबिन उथप्पा, जिन्होंने 2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 120 मीटर लंबा छक्का लगाया. यह शॉट उनकी ताकतवर बल्लेबाज़ी को दर्शाता है. रॉबिन अब किसी भी टीम का हिस्सा नहीं हैं.
क्रिस गेल: पांचवें नंबर पर हैं “यूनिवर्स बॉस” क्रिस गेल, जिन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 119 मीटर लंबा छक्का जड़ा. गेल अपने लंबे-लंबे छक्कों के लिए मशहूर हैं और यह शॉट भी उन्हीं में से एक है. बता दें कि 119 मीटर का छक्का गेल के अलावा 2 और खिलाड़ियों ने भी लगाए हैं. इसमें युवराज सिंह और रॉस टेलर जैसे प्लेयर्स भी शामिल हैं.