Who is Krish Bhagat: आईपीएल 2026 में संघर्ष कर रही मुंबई इंडियंस (MI) के खेमे से एक शानदार खबर सामने आई है. गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ अहमदाबाद में होने वाले ‘करो या मरो’ के मुकाबले में पंजाब के 21 वर्षीय ऑलराउंडर कृष भगत अपना डेब्यू करने जा रहे हैं. कप्तान हार्दिक पांड्या ने उन्हें MI की डेब्यू कैप थमाई. कृष को चोटिल अथर्व अंकोलेकर की जगह टीम में शामिल किया गया है. 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदे गए भगत के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है खासकर तब जब मुंबई की टीम अंक तालिका में निचले पायदान पर है और उसे एक एक्स-फैक्टर की सख्त जरूरत है.
पारिवारिक बिजनेस छोड़ चुना क्रिकेट का कांटों भरा रास्ता
जालंधर में 6 नवंबर 2004 को जन्मे कृष भगत का सफर आसान नहीं रहा. एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखने वाले, जहां बिजनेस और समाजसेवा का बोलबाला था वहां क्रिकेट को करियर चुनना एक साहसी फैसला था. हालांकि उनकी मां ने बचपन से ही उन्हें खेल के लिए प्रोत्साहित किया लेकिन वह अपने परिवार के पहले ऐसे सदस्य हैं जो प्रोफेशनल क्रिकेट के मैदान तक पहुंचे हैं.
चोट ने लगभग खत्म कर दिया था करियर
कृष की कहानी केवल कामयाबी की नहीं बल्कि उनके अटूट जज्बे की भी है. करियर के शुरुआती दौर में उन्हें स्पाइनल कॉर्ड (रीढ़ की हड्डी) में गंभीर चोट लगी थी जिससे उनका करियर खत्म होने की कगार पर था. इतना ही नहीं, वह अंडर-19 वर्ल्ड कप के प्रबल दावेदार थे लेकिन चोट के कारण वह उस बड़े मौके से भी चूक गए थे.
घरेलू क्रिकेट में मचाया धमाल
कृष पहली बार चर्चा में तब आए जब उन्होंने सीके नायडू ट्रॉफी में अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया. उन्होंने महज 6 मैचों में 17 की औसत से 30 विकेट चटकाए थे. पंजाब के लिए खेलते हुए रणजी ट्रॉफी (2025-26) में उन्होंने 5 पारियों में 90 रन बनाए और 4 विकेट लिए. विजय हजारे ट्रॉफी में 8 मैचों में 9 विकेट लिए जहां उनका इकोनॉमी रेट 6.11 का रहा. भले ही वह बल्ले से अभी बहुत ज्यादा आक्रामक न दिखे हों लेकिन उनमें निचले क्रम में आकर लंबे शॉट खेलने की पूरी काबिलियत है.
RCB और MI के नेट बॉलर से मुख्य टीम तक का सफर
बहुत कम लोग जानते हैं कि कृष भगत पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए नेट बॉलर रह चुके हैं. पिछले दो सीजन से वह मुंबई इंडियंस के साथ भी नेट बॉलर के तौर पर जुड़े थे. मुंबई इंडियंस ने हमेशा कच्चे टैलेंट को तराशा है. नेट सत्र के दौरान कृष अपनी सटीक लेंथ और रफ्तार से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छकाते नजर आए थे. MI के कोचिंग स्टाफ ने उनकी मेहनत की तारीफ करते हुए कहा, ‘कृष ने अपनी डेडिकेशन और वर्क एथिक्स से हमें बहुत प्रभावित किया है. वह अभ्यास सत्रों और प्रैक्टिस गेम्स में जो क्वालिटी लेकर आते हैं, वह काबिले तारीफ है.’
क्या मुंबई के लिए ‘सीक्रेट वेपन’ साबित होंगे कृष?
IPL के इसी मंच से यशस्वी जायसवाल और आशुतोष शर्मा जैसे सितारे निकले हैं. अब बारी कृष भगत की है. गुजरात टाइटन्स के खिलाफ इस अहम मुकाबले में, जहां मुंबई की साख दांव पर है, कृष के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है.