Who Is Rasikh Salam Dar: IPL 2026 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स के मुकाबले के दौरान हर किसी की नजरें विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे बड़े स्टार्स पर थीं. उस बीच 26 साल के युवा तेज गेंदबाज ने अपनी धारदार गेंदबाजी से सभी को हैरान कर दिया. हम बात कर रहे हैं कि RCB के स्टार तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार की. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के खिलाफ आरसीबी की ओर से खेलते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए. इस दौरान रसिख सलाम ने एडन मार्करम, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी और आवेश खान को अपना शिकार बनाया. इस शानदार गेंदबाजी के बाद हर तरफ रसिख सलाम डार की चर्चा हो रही है. खासकर आरसीबी फैंस इस घातक गेंदबाज के बारे में जानने को उत्सुक हैं. जानिए रसिख सलाम की अनसुनी कहानी…
कौन हैं रसिख सलाम डार?
RCB के स्टार पेसर रसिख सलाम डार जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले हैं. वहां से निकलकर आईपीएल में पहचान बनाने का सफर आसान नहीं रहा है. रसिख सलाम डार ने साल 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल डेब्यू किया था. उस समय उनकी उम्र सिर्फ 18 साल थी. इसके बाद उम्र के विवाद को लेकर उन पर 2 साल के लिए बैन लगा दिया गया, जिसके चलते उनके करियर पर बुरा असर पड़ा. दरअसल, BCCI ने पाया था कि रसिख सलाम ने अंडर-19 टीम में शामिल होने के लिए फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट जमा किया था. इस फ्रॉड के चलते बीसीसीआई ने 2 साल के लिए रसिख सलाम डार को क्रिकेट से बैन रकर दिया था. हालांकि इसके बाद भी रसिख सलाम ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत करते रहे.
रसिख सलाम की वापसी
रसिख सलाम डार ने बैन होने के बाद कश्मीर की वादियों में जमकर मेहनत की और अपने खेल को निखारा. फिर साल 2022 में रसिख सलाम डार ने कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में शामिल होने के वापसी की, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया. रसिख सलाम 2 मैच के बाद ही पीठ की समस्या के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए. इसके बाद साल 2024 में रसिख सलाम डार ने फिर से वापसी की. इस सीजन उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए 8 मैचों में 9 विकेट लेकर अपनी काबिलियत दिखाई. इसके बाद अगले साल मेगा ऑक्शन में आरसीबी (RCB) ने रसिख सलाम डार को 6 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया. IPL 2025 में रसिख सलाम डार सिर्फ 2 ही मैच खेल पाए थे. अब उन्हें एक बार फिर आरसीबी की जर्सी में खेलने का मौका मिला है.
रसिख सलाम डार का IPL करियर
रसिख सलाम डार ने आईपीएल में अभी तक कुल 15 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 10.05 की इकॉनमी से 15 विकेट चटकाए हैं. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना बेस्ट प्रदर्शन किया. इस मुकाबले में रसिख सलाम ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.