Female Social Media Influencer: सोशल मीडिया पर किसी को फॉलो करने और उसके वीडियो पसंद करने का मामला किस तरह खतरनाक मोड़ ले सकता है, इसकी एक घटना दिल्ली के मधु विहार से सामने आई है. यहां एक महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने के लिए चेन्नई से दिल्ली पहुंचे युवक की कथित पिटाई के बाद मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, युवक महिला के प्रति एकतरफा भावनाएं रखने लगा था और 7 नवंबर को उसके घर में घुसने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान महिला के परिजनों और कुछ पड़ोसियों से उसका विवाद हो गया. आरोप है कि इस दौरान युवक की बुरी तरह पिटाई की गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने महिला के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है.
युवक चेन्नई से पहुंचा दिल्ली
पुलिस की जांच के अनुसार, युवक चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था. सोशल मीडिया के जरिए उसकी महिला इन्फ्लुएंसर से पहचान हुई थी. वह नियमित रूप से उसके वीडियो और पोस्ट पसंद करता था. धीरे-धीरे वह महिला के प्रति एकतरफा भावनाएं रखने लगा. इसके बाद वह उससे मिलने के लिए चेन्नई से दिल्ली पहुंच गया. रिपोर्टों के मुताबिक, महिला के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 29 लाख से अधिक फॉलोअर्स और सब्सक्राइबर हैं.
घर में घुसने की कोशिश पर हुआ विवाद
यह घटना 7 नवंबर की बताई जा रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक मधु विहार स्थित महिला के घर में घुसने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान महिला के परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से उसका सामना हो गया. आरोप है कि महिला के पिता और कुछ पड़ोसियों ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा. इस हमले में युवक को गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट में कौन-कौन शामिल था और किसकी क्या भूमिका रही.
तीन अस्पतालों में चला इलाज, फिर युवक ने तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल युवक को सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया. हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया. वहां भी उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे एक अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया. हालांकि, डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद युवक की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के करीब नौ दिन बाद यह मामला सामने आया.
गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज, पिता और पड़ोसी गिरफ्तार
युवक की मौत के बाद मधु विहार थाना पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने महिला इन्फ्लुएंसर के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में महिला के भाई और कुछ अन्य पड़ोसियों की भूमिका भी सामने आई है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके. फिलहाल मामले की जांच जारी है.