Population Growth In India: Pew रिसर्च सेंटर की नई स्टडी के मुताबिक, आने वाले दशकों में दुनिया की धार्मिक आबादी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. अनुमान है कि 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और 2070 तक मुसलमानों की वैश्विक आबादी 3.6 अरब से अधिक हो सकती है. वहीं, भारत में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79 फीसदी से घटकर 76 फीसदी और मुस्लिम आबादी 15 फीसदी से बढ़कर करीब 20 फीसदी होने का अनुमान है.
2035 तक ईसाई धर्म को पीछे छोड़ सकता है इस्लाम
Pew रिसर्च सेंटर की स्टडी के अनुसार, मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहने पर इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बन सकता है. अनुमान है कि 2070 तक दुनियाभर में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक हो जाएगी, जबकि ईसाइयों की आबादी तीन अरब से थोड़ी कम रह सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में करीब 29 फीसदी की वृद्धि होने का अनुमान है. इस दौरान ईसाइयों की संख्या में 30 फीसदी, जबकि मुसलमानों की संख्या में लगभग 80 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है. भारत में 2070 तक हिंदुओं की हिस्सेदारी 76% और मुस्लिम आबादी 20% होने का अनुमान
साल 2020 का आकलन
Pew की स्टडी में भारत की धार्मिक जनसांख्यिकी में भी संभावित बदलाव का आकलन किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में भारत की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी करीब 79 फीसदी थी, जो 2070 तक घटकर 76 फीसदी रह सकती है. वहीं, मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 2020 के 15.2 फीसदी से बढ़कर 2070 तक 19.6 फीसदी होने का अनुमान है. हालांकि, इसके बावजूद भारत में हिंदू बहुसंख्यक बने रहेंगे. रिपोर्ट के मुताबिक, अगर मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहते हैं, तो 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदुओं की संख्या में करीब 17.6 करोड़ की बढ़ोतरी हो सकती है.
पाकिस्तान बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश
स्टडी में एक और महत्वपूर्ण अनुमान लगाया गया है. इसके मुताबिक, पाकिस्तान 2070 तक इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है. वहीं, भारत दुनिया में मुस्लिम आबादी के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है. बांग्लादेश में भी मुस्लिम आबादी बढ़ने का अनुमान जताया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दशकों में दक्षिण एशिया की धार्मिक जनसांख्यिकी में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि नेपाल और भारत ही ऐसे दो देश बने रह सकते हैं, जहां हिंदू बहुसंख्यक होंगे.
मुस्लिम आबादी बढ़ने की सबसे बड़ी वजह क्या है?
Pew रिसर्च सेंटर के मुताबिक, मुस्लिम आबादी में तेजी से बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह धर्म परिवर्तन नहीं, बल्कि जन्म दर है. यानी इस धार्मिक समूह में पैदा होने वाले बच्चों की संख्या अन्य प्रमुख धार्मिक समूहों की तुलना में अधिक है. रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर प्रति महिला औसतन 3.1 बच्चे रही. वहीं, ईसाई महिलाओं में यह दर 2.5 बच्चे और अन्य सभी महिलाओं में औसतन 1.6 बच्चे रही. स्टडी में बताया गया है कि किसी आबादी को लंबे समय तक स्थिर बनाए रखने के लिए आमतौर पर प्रति महिला करीब 2.1 बच्चों की प्रजनन दर जरूरी मानी जाती है. इस लिहाज से मुस्लिम समुदाय की प्रजनन दर अन्य प्रमुख धार्मिक समूहों की तुलना में अधिक है.
201 देशों की आबादी पर आधारित है Pew की स्टडी
Pew रिसर्च सेंटर की यह स्टडी 201 देशों और क्षेत्रों पर आधारित है. इसमें दुनिया की करीब 99.98 फीसदी आबादी को शामिल किया गया है. अध्ययन के तहत 2020 से 2070 तक सात धार्मिक समूहों की आबादी और उनके भौगोलिक वितरण में संभावित बदलावों का आकलन किया गया है. इनमें मुस्लिम, ईसाई, यहूदी, हिंदू, बौद्ध और अन्य धार्मिक समूह शामिल हैं. ये अनुमान ‘Pew-Templeton Global Religious Futures Project’ का हिस्सा हैं.