Delhi School New Rules: दिल्ली नगर निगम (MCD) के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए आने वाले दिनों में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. अब बच्चे का दाखिला कराने के लिए अभिभावकों को स्कूलों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. स्कूल के बाहर लगा QR कोड स्कैन करके ही एडमिशन के लिए आवेदन किया जा सकेगा. इतना ही नहीं, स्कूलों की सुरक्षा, साफ-सफाई और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कई अहम फैसले लिए गए हैं. इसके तहत करीब 3000 सफाई कर्मचारियों और चौकीदारों की भर्ती से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
ऐसे शुरू होगी दाखिले की प्रक्रिया
MCD स्कूलों में लगातार कम हो रहे दाखिलों को बढ़ाना शिक्षा समिति की प्राथमिकता बन गया है. इसी को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक निगम स्कूल के बाहर QR कोड लगाने की योजना बनाई गई है. अभिभावक अपने मोबाइल से कोड स्कैन कर बच्चे का विवरण दर्ज कर सकेंगे. इसके बाद संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल या शिक्षक परिवार से संपर्क करेंगे और दाखिले की प्रक्रिया पूरी कराएंगे. इसके अलावा निगम के Edu Life Portal पर भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. पोर्टल पर आने वाले आवेदनों को नजदीकी स्कूल तक पहुंचाने के लिए सिविक सेंटर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा.
3000 कर्मचारियों की भर्ती पर जोर
बच्चों की सुरक्षा और स्कूलों की साफ-सफाई को लेकर भी शिक्षा समिति ने अहम कदम उठाया है. समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा ने अधिकारियों को करीब 3000 सफाई कर्मचारियों और चौकीदारों की भर्ती से जुड़ी फाइल एक सप्ताह के भीतर आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही लंबे समय से काम कर रहे चौकीदारों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू करने पर भी जोर दिया गया है.
250 स्कूल होंगे कूड़ा मुक्त
निगम स्कूलों में गंदगी की समस्या दूर करने के लिए पहले चरण में 250 स्कूलों को कूड़ा मुक्त बनाने का फैसला लिया गया है. इसके तहत नियमित सफाई और कचरे के सही निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी. वहीं, स्कूलों के पार्क और खेल मैदान भी बेहतर बनाए जाएंगे. उद्यान विभाग को इनके रखरखाव के लिए कर्मचारियों और मालियों की नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है.
प्रिंसिपल की भी होगी जवाबदेही
स्कूलों में होने वाले निर्माण और मरम्मत कार्यों को लेकर भी नियम बदले जा रहे हैं. अब मेंटेनेंस विभाग को हर काम का वर्क ऑर्डर संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल को देना होगा. काम पूरा होने के बाद प्रिंसिपल से NOC लेना भी जरूरी होगा. इससे मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर नजर रखी जा सकेगी.
ये भी पढ़ें: प्रेम संबंध खत्म करना चाहती थी महिला हेड कांस्टेबल, ASI ने नहीं मानी बात तो रची खौफनाक साजिश; कार में जला दी लाश