Hyderabad News: हैदराबाद के माधापुर इलाके में तेज रफ्तार लग्जरी कार की चपेट में आने से ओडिशा की 26 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा 16 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे इनऑर्बिट मॉल के पास हुआ. पुलिस ने मामले में आंध्र प्रदेश के राज्यसभा सांसद और जनसेना पार्टी नेता लिंगमनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगमनेनी संजुश को आरोपी बनाया है.
मृतका की पहचान मयूरभंज, ओडिशा निवासी भारती मुखी के रूप में हुई है. भारती हैदराबाद के इनऑर्बिट मॉल स्थित लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थीं.
लंच के लिए गई थी भारती
जानकारी के मुताबिक, भारती अपनी सहकर्मी पूजा अशोक के साथ लंच लेने के लिए आईटीसी कोहिनूर इलाके की ओर गई थीं. लंच के बाद दोनों वापस मॉल की ओर लौट रही थीं. इसी दौरान भारती जब मॉल के सामने सड़क पार कर रही थीं, तभी एक Aston Martin SUV ने उन्हें कथित तौर पर तेज रफ्तार में टक्कर मार दी. हादसे में भारती को सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा. उन्हें तुरंत उसी वाहन से जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मामला दर्ज
मामले में लाइफस्टाइल स्टोर के मैनेजर पंजाला अश्विन कुमार की शिकायत पर माधापुर पुलिस ने केस दर्ज किया है. हादसे में शामिल Aston Martin SUV को साइबराबाद पुलिस ने जब्त कर लिया है. जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालक की पहचान लिंगमनेनी संजुश के रूप में की. मामले में पुलिस हादसे की परिस्थितियों, वाहन की गति और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
परिवार ने मांगी सरकारी मदद
भारती की मौसी अलोमोनी मुखी ने सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने की अपील की है. उन्होंने बताया कि भारती लंच ब्रेक के दौरान खाना लेने गई थीं, तभी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गईं. उनके मुताबिक, भारती परिवार की इकलौती कमाने वाली सदस्य थीं और उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.