Hyderabad egg throwing incident: तेलंगाना के हैदराबाद के पुराने शहर में दुर्गा माता की प्रतिमा के जुलूस के दौरान अंडे फेंके जाने के आरोप के बाद तनाव की स्थिति बन गई. घटना से नाराज भक्तों, हिंदू संगठनों के सदस्यों और बीजेपी नेताओं ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है और कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. फिलहाल, पुलिस ने इलाके में स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है.
दुर्गा माता की प्रतिमा के जुलूस पर अंडे फेंकने का आरोप
यह घटना शनिवार को हैदराबाद के मदन्नापेट थाना क्षेत्र के संतोशनगर में हुई. वीर सावरकर नव युवा संघ की ओर से दुर्गा माता की प्रतिमा का जुलूस निकाला जा रहा था. आरोप है कि इसी दौरान एक इमारत की छत से प्रतिमा पर अंडे फेंके गए. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
बीजेपी नेताओं और हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद बीजेपी नेताओं, हिंदू संगठनों के सदस्यों और बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मौके पर भजन गाए और धरना देकर कार्रवाई की मांग उठाई. उनका कहना था कि अंडे फेंकने वालों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं. बीजेपी प्रवक्ता वीरेंद्र यादव भी इस मामले को लेकर सामने आए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर हिंदुओं को निशाना बना रहे हैं. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. यादव का आरोप था कि हैदराबाद में हिंदू धार्मिक जुलूसों पर पाबंदियां लगाई जाती हैं और कई बार जुलूस के दौरान लाठीचार्ज किया जाता है.
शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस
हैदराबाद के डीसीपी के मुताबिक, पुलिस को शिकायत मिली थी कि संतोशनगर की होटल लेन में दुर्गा माता की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान एक इमारत की छत से अंडे फेंके गए. सूचना मिलते ही मदन्नापेट थाने की पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने विसर्जन के आयोजकों से बातचीत की और उन्हें वहां से जाने के लिए समझाया. इसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोग धीरे-धीरे वहां से हटने लगे. पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में केस दर्ज किया जा रहा है. कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. हालांकि, मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
पुलिस ने लोगों से की अफवाहों से बचने की अपील
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस ने लोगों से कहा है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ न जुटाएं. मामले की जांच जारी है और पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है.