श्रद्धालुओं को अब बर्फानी बाबा के दर्शन के लिए अगले साल का इंतजार करना होगा. अमरनाथ यात्रा 2026 को रास्ते की मरम्मत और आवश्यक रखरखाव के चलते 9 अगस्त से स्थगित कर दिया गया है.
श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए यात्रा मार्ग को और अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है, इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू हुई 57 दिवसीय इस पावन यात्रा का समापन 28 अगस्त 2026 को पवित्र ‘छड़ी मुबारक’ के पूजन और आगमन के साथ होगा.
28 अगस्त को होगा छड़ी मुबारक
इस साल 3 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है. इस यात्रा का औपचारिक समापन 28 अगस्त 2026 को पवित्र छड़ी मुबारक के पूजन और आगमन के साथ होगा. बता दें कि छड़ी मुबारक भगवान शिव की पवित्र चांदी की गदा है और वार्षिक अमरनाथ यात्रा का सबसे पूजनीय प्रतीक है. यह भगवान शिव की दिव्य गदा का प्रतीक है, जिसे तीर्थयात्रा के दौरान साधु और संरक्षक अपने साथ लेकर चलते हैं. परंपरागत रूप से इसका नेतृत्व महंत दीपेंद्र गिरिकरते हैं , जो पवित्र गदा के प्रमुख पुरोहित और संरक्षक हैं.
चंदनवाड़ी और बालटाल से शुरू हुई थी यात्रा
इस बार अमरनाथ यात्रा अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी. अब तक 4.8 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं. हाल में हुई बारिश के कारण प्रशासन को यात्रा मार्ग के कुछ संवेदनशील हिस्सों में ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव की जरूरत महसूस हुई है. इन हिस्सों को सुरक्षित बनाने का काम सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से किया जा रहा है. इसके अलावा वहां मौसम भी खराब होता जा रहा है. इन परिस्थितियों को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 9 अगस्त 2026 से चंदनवाड़ी और बालटाल दोनों मार्गों से अमरनाथ यात्रा स्थगित रहेगी.