Sawan last somwar: हिंदू धर्म में सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है और इस दौरान पड़ने वाले सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होता है. वर्ष 2026 में सावन का आखिरी सोमवार 24 अगस्त को पड़ रहा है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस दिन कई शुभ योगों का संयोग बन रहा है, जिसकी वजह से इस सोमवार को खास माना जा रहा है. मान्यता है कि सावन के अंतिम सोमवार पर भगवान शिव की पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है.
सूर्य-बुध की युति से बनेगा बुधादित्य राजयोग
24 अगस्त को सिंह राशि में सूर्य और बुध की युति से बुधादित्य राजयोग बनने की बात कही जा रही है. ज्योतिष में सूर्य को आत्मविश्वास, प्रतिष्ठा और नेतृत्व का कारक माना जाता है, जबकि बुध बुद्धि, वाणी और तर्क क्षमता से जुड़े हैं. ऐसे में इन दोनों ग्रहों की युति को कई क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम देने वाला माना जाता है.
कर्क राशि में गुरु से बनेगा हंस राजयोग
इस दिन देवगुरु बृहस्पति कर्क राशि में स्थित रहेंगे. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार कर्क राशि में बृहस्पति की स्थिति से हंस राजयोग बनता है. इसके अलावा पंचांग के अनुसार प्रीति योग और पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र का संयोग भी रहेगा. इन शुभ योगों के कारण कुछ राशियों के लिए यह दिन विशेष फलदायी माना जा रहा है. इन 4 राशियों के लिए खास रहेगा सावन का आखिरी सोमवार
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए सावन का आखिरी सोमवार शुभ परिणाम लेकर आ सकता है. प्रीति योग और भगवान शिव की कृपा से नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं. प्रमोशन या वेतन वृद्धि की उम्मीद बन सकती है. लंबे समय से अटका पैसों का लेन-देन पूरा होने के साथ किसी बड़े प्रोजेक्ट को भी गति मिल सकती है.
कर्क राशि
कर्क राशि वालों के लिए बृहस्पति की मजबूत स्थिति को विशेष शुभ माना जा रहा है. हंस राजयोग के प्रभाव से समाज और कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ सकता है. परिवार में सुख-समृद्धि का माहौल बनेगा और आय के नए स्रोत मिलने की संभावना है. मानसिक शांति के साथ कई पुराने काम पूरे हो सकते हैं.
सिंह राशि
सिंह राशि में सूर्य और बुध की युति से बनने वाला बुधादित्य राजयोग इस राशि के जातकों के लिए खास माना जा रहा है. आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता में वृद्धि हो सकती है. नौकरी और कारोबार से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं. सरकारी क्षेत्र या उच्च अधिकारियों से लाभ मिलने की संभावना भी बन सकती है. लंबे समय से अटके कामों में तेजी आ सकती है.
धनु राशि
सावन का आखिरी सोमवार धनु राशि के जातकों के लिए भी अनुकूल रह सकता है. कार्यक्षेत्र और व्यापार में नए अवसर मिल सकते हैं. भाग्य का साथ मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत होने की संभावना है. अचानक धन लाभ के योग बन सकते हैं. कारोबार से जुड़ी यात्राएं भी लाभदायक साबित हो सकती हैं.
सावन के आखिरी सोमवार पर ऐसे करें भगवान शिव की पूजा
सावन के आखिरी सोमवार पर सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और भगवान शिव का ध्यान करने के बाद शिवलिंग का अभिषेक करें. शिवलिंग पर कच्चा दूध, गंगाजल, बेलपत्र और भांग-धतूरा अर्पित कर सकते हैं. इसके बाद शिवलिंग के सामने बैठकर ‘ॐ नमः शिवाय’ या महामृत्युंजय मंत्र का 108 बार जाप करने की मान्यता है. पूजा के बाद जरूरतमंद व्यक्ति को अन्न, वस्त्र या सफेद चीजों जैसे दूध, चावल और चीनी का दान करना भी शुभ माना जाता है. हालांकि ज्योतिषीय राशिफल और धार्मिक उपाय मान्यताओं पर आधारित होते हैं, इन्हें निश्चित भविष्यवाणी नहीं माना जाना चाहिए.