अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्म ‘भूत बंगला’ से चर्चा में हैं. हाल ही में एक्टर ने अपने बेटे आरव कुमार को लेकर एक बेहद ही दिलचस्प बात बताई. उन्होंने कहा कि उनके बेटे का फिल्मों में कोई दिलचस्पी नहीं है. इसलिए वह अपनी खुद की लाइन बना रहा है. वह फैशन की दुनिया में नाम कमाना चाह रहा है. इसके लिए वह गांव में 4500 रुपये की नौकरी कर रहा है. आखिर अभिनेता ने क्या कहा? चलिए जानते हैं पूरी बात.
बेटे को लेकर क्या बोले अक्षय कुमार?
हाल ही में अभिनेता अक्षय कुमार ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में पहुंचे. जहां उन्होंने अपने बेटे आरव कुमार के बारे में बातचीत की. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बेटे में अपनी ही झलक दिखती है, खासकर जीवनशैली और फिटनेस के मामले में. बात करते हुए एक्टर ने कहा, ‘हम दोनों काफी मिलते-जुलते हैं. वह सेहत का ख्याल रखता है, और मैं भी. वह लंबा है और बहुत ही लक्ष्य-केंद्रित है. उसे काम करना पसंद है. लेकिन वह फिल्मों में नहीं आना चाहता. उसकी ऐसी कोई योजना नहीं है. वह फैशन इंडस्ट्री में जाना चाहता है.’
गांव में सीख रहा काम
आगे बातचीत करते हुए अक्षय कुमार ने अपने बेटे के हालिया स्थिति पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा, ‘वह बेचारा आज भी 4500 रुपये की नौकरी कर रहा है. अच्छी बात है, क्यों नहीं? वह गांवों में जाकर वहां से फैशन, अलग-अलग तरह के प्रिंट और सब कुछ सीख रहा है. मैं उसे ज्यादा उपदेश नहीं देता, लेकिन मैंने उसे हिदायत दी है कि किसी को नुकसान न पहुंचाए.’
अक्षय कुमार की नेटवर्थ
अक्षय कुमार की कुल संपत्ति लगभग 2,500 करोड़ से 2,700 करोड़ होने का अनुमान है. द इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार, वह भारत के सबसे अधिक कमाई करने वाले अभिनेताओं में से एक हैं.
अक्षय कुमार का वर्कफ्रंट
अक्षय कुमार की फिल्मों की बात करें, तो उन्हें आखिरी बार जॉली एलएलबी 3 में देखा गया था. वर्तमान में वह ‘भूत बंगला’ में नजर आ रहे हैं. इस फिल्म में तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और परेश रावल जैसे कलाकार भी हैं. फिल्म लोगों का दिल जीत रही है.