Amitabh Bachchan Bhojpuri Films: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दर्शक बढ़ते ही जा रहे हैं. जैसे साउथ की और बॉलीवुड की फिल्में देखना लोग पसंद करते हैं, वैसे ही भोजपुरी फिल्म के दर्शक भी बढ़ते जा रहे हैं.
बॉक्स ऑफिस पर भी अब भोजपुरी फिल्में मोटी कमाई करती हुई नजर आती है, जो उसकी बढ़ती हुई लोकप्रियता का प्रतीक है. इसके अलावा कई बड़े बॉलीवुड एक्टर्स भी भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुके हैं, जिनमें अमिताभ बच्चन का नाम भी शामिल है.
बिग बी का भोजपुरी फिल्मों में करियर
अमिताभ बच्चन ने तीन भोजपुरी फिल्मों में काम किया है, लेकिन सवाल ये उठता है कि अमिताभ बच्चन को भोजपुरी फिल्मों में काम करने के लिए मनाया किसने? बता दें कि भोजपुरी सिनेमा में अमिताभ बच्चन ने एक शख्स के कहने पर काम किया है, वो शख्स हैं दीपक सावंत. दीपक बिग बी के मेकअप मैन थे और उनकी अमिताभ बच्चन के साथ अच्छी दोस्ती थी. जब दीपक ने अमिताभ बच्चन से भोजपुरी फिल्मों में काम करने की रिक्वेस्ट की तो बिग बी उन्हें मना नहीं कर पाए.
बिग बी की भोजपुरी फ़िल्में
अमिताभ बच्चन दीपक सावंत की रिक्वेस्ट का मान रखते हुए भोजपुरी फिल्म में काम करने के लिए तैयार हो गए. अमिताभ बच्चन ने जिन तीन भोजपुरी फिल्मों में काम किया है उनका नाम गंगा, गंगोत्री और गंगा देवी है. इन फिल्मों में अमिताभ बच्चन की एक्टिंग को लोगों ने खूब पसंद किया था. फिल्म गंगा में अमिताभ बच्चन के साथ मनोज तिवारी और रवि किशन ने भी काम किया था. वहीं गंगोत्री फिल्म 2007 में रिलीज हुई थी इसमें अमिताभ बच्चन के संग मनोज तिवारी, हेमा मालिनी, संभावना सेठ और भूमिका चावला जैसे कलाकार नजर आए थे.
अमिताभ बच्चन की तीसरी और आखिरी भोजपुरी फिल्म गंगा देवी है जो 2012 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में सिर्फ अमिताभ बच्चन ही नहीं बल्कि जया बच्चन, गुलशन ग्रोवर और दिनेश लाल यादव ने भी अभिनय किया था.