Awarapan 2 box office collection day 10: इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ साल 2026 की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सफल फिल्मों में शामिल हो गई है. लंबे समय से बहुप्रतीक्षित इस सीक्वल ने न सिर्फ पहली फिल्म की लोकप्रियता को बरकरार रखा, बल्कि दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में भी कामयाबी हासिल की है. फिल्म अब भारत में 150 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर तेजी से बढ़ रही है.
फिल्म को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों का जबरदस्त फायदा मिला और पहले हफ्ते में इसकी कमाई की रफ्तार मजबूत बनी रही. दूसरे वीकेंड में भी ‘आवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी और टिकट खिड़की पर फिल्म की कमाई को एक और बड़ा बूस्ट मिला.
10वें दिन इतनी हुई कमाई
‘आवारापन 2’ ने अपने 10वें दिन 5.75 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया. इस दिन फिल्म के कुल 9,858 शो चले. इसके साथ ही भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 136.25 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 162 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.वहीं, विदेशों में फिल्म ने करीब 1 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके साथ ‘आवारापन 2’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 192 करोड़ रुपये हो गया है.
इमरान हाशमी ने बनाया खास रिकॉर्ड
‘आवारापन 2’ की सफलता ने इमरान हाशमी के लिए भी एक खास मुकाम हासिल किया है. फिल्म ने अब अभिनेता की पहली सुपरहिट फिल्म ‘मर्डर’ के प्रॉफिट प्रतिशत को पीछे छोड़ दिया है. साल 2004 में रिलीज हुई ‘मर्डर’ ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 200 फीसदी का प्रॉफिट दर्ज किया था. वहीं, ‘आवारापन 2’ ने महज 10 दिनों में लगभग 215 फीसदी का अनुमानित प्रॉफिट हासिल कर लिया है.
2026 की टॉप बॉलीवुड फिल्मों में शामिल
‘आवारापन 2’ अब साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट में भी ऊपर पहुंच गई है. फिल्म ने ‘वेलकम टू द जंगल’ को पीछे छोड़ दिया है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 137.93 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.इसके साथ ही नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म 2026 की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है.अब फिल्म की नजर ‘धमाल 4’ के कलेक्शन पर है. मौजूदा रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘आवारापन 2’ अपने दूसरे हफ्ते में ही अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर सकती है.
इमरान हाशमी का शानदार कमबैक
‘आवारापन 2’ की जबरदस्त कमाई को इमरान हाशमी के लिए बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमबैक के तौर पर देखा जा रहा है. फिल्म को दर्शकों से मजबूत वर्ड ऑफ माउथ मिला है और यही इसकी कमाई को लगातार आगे बढ़ा रहा है. फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं.