अक्षय कुमार अभिनीत ‘भूत बंगला’ ने ओपनिंग डे पर अच्छी शुरुआत की थी. वीकएंड पर फिल्म ने जबरदस्त कमाई की थी. अब बीते मंगलवार यानी 21 अप्रैल को फिल्म के कलेक्शन में एक बार से बढ़त देखने को मिली हैं. वहीं, रणवीर सिहं की धुरंधर 2 के लिए शुभ रहा मंगलवार. चलिए जानते हैं अन्य फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर क्या हाल रहा.
‘भूत बंगला’ के लिए कैसा रहा मंगलवार?
प्रियदर्शन के निर्देशन में रिलीज हुई फिल्म ‘भूत बंगला’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए पांच दिन हो चुके हैं. फिल्म ने मंगलवार यानी 21 अप्रैल को बॉक्स ऑफिस पर 7.65 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं फिल्म ने सोमवार को 6.75 करोड़ रुपये कमाए थे. आपको बता दें कि प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी 14 साल बाद एक साथ आई है. इस फिल्म ने धीरे-धीरे 100 करोड़ की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं. इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा परेश रावल, राजपाल यादव, तब्बू जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का कुल बजट 120 करोड़ रुपये है.
‘धुरंधर 2’ की कमाई कितनी हुई?
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर बवाल मचा रखा था. इस फिल्म ने कमाई के मामले में कई रिकॉर्ड को धराशाई कर दिया है. फिल्म 34 दिन बाद भी शानदार कमाई करती दिख रही है. इस फिल्म ने मंगलवार को 2.10 करोड़ रुपये कमाए. वहीं इसने सोमवार को 1.62 करोड़ रुपये कमाए थे. इस फिल्म ने अभी तक बॉक्स ऑफिस पर कुल 1119.64 करोड़ रुपये कमाए है. इसके अलावा फिल्म के वर्ल्डवाइड कमाई की बात करें, तो इसने 1,810.09 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. इस फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन, राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आए हैं.
क्या रहा ‘डकैत’ का हाल?
अदिवि शेष और मृणाल ठाकुर अभिनीत फिल्म ‘डकैत’ को थिएटर्स में रिलीज हुए 12 दिन हो चुके हैं. इस फिल्म की हालत बहुत पस्त नजर आ रही है. फिल्म ने मंगलवार यानी 21 अप्रैल को बॉक्स ऑफिस पर 47 लाख रुपये कमाए. वहीं इसने सोमवार को 50 लाख रुपये कमाए थे. फिल्म की कुल कमाई की बात करें, तो इसने अभी तक 33.04 करोड़ रुपये कमा लिए हैं.