Bigg Boss 20: ‘बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों रिश्तों और लड़ाइयों का ड्रामा लगातार बढ़ता जा रहा है. शो के नए एपिसोड में एक तरफ कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर बहस हुई, तो दूसरी तरफ लव गिल भावुक होकर रोती नजर आईं. स्काउट ओपी के नॉमिनेट करने के बाद लव को गहरा झटका लगा. वहीं, आने वाले एपिसोड के प्रोमो में लव अपने दिल की बात कहती दिखाई दे रही हैं. उन्होंने साफ कहा कि स्काउट के साथ उनका रिश्ता सच्चा था और वह इसे इतनी आसानी से खत्म नहीं कर सकतीं.
अलार्म बजते ही घर में शुरू हुआ विवाद
एपिसोड की शुरुआत तेज अलार्म के साथ हुई. कैप्टन माही विज ने पूछा कि घर में कौन सो रहा था. शुरुआत में स्काउट और आसिफ का नाम सामने आया, लेकिन अरिशफा ने आसिफ, स्काउट, कनिका और गुल्लू का नाम भी ले लिया. इस पर कनिका नाराज हो गईं और उन्होंने अरिशफा से सवाल किया कि जब वह सो नहीं रही थीं, तो उनका नाम क्यों लिया गया. माही ने मजाक में कहा कि उनकी कैप्टनसी में सभी लड़ रहे हैं, लेकिन कम से कम घर में मनोरंजन तो हो रहा है.
अरिशफा और गुल्लू के बीच बढ़ी बहस
घर में तनाव तब और बढ़ गया, जब गुल्लू ने अरिशफा की पढ़ाई को लेकर टिप्पणी कर दी. इस बात से अरिशफा नाराज हो गईं और रोते हुए उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर किया. माही ने भी गुल्लू से सवाल किया कि वह अरिशफा को कम पढ़ी-लिखी क्यों कह रहे हैं. देखते ही देखते बहस बढ़ गई और घर के सदस्य दो गुटों में बंटे नजर आए. कुछ कंटेस्टेंट्स ने गुल्लू का समर्थन किया, जबकि कुछ अरिशफा के पक्ष में खड़े हो गए.
स्काउट ने लव गिल को किया नॉमिनेट
एपिसोड में नॉमिनेशन टास्क भी देखने को मिला. इस दौरान स्काउट ओपी ने लव गिल को नॉमिनेट कर दिया. अपने फैसले के बारे में बताते हुए स्काउट ने कहा कि उनके पास लव को नॉमिनेट करने की कोई बड़ी वजह नहीं है, लेकिन हाल की घटनाओं के कारण वह अब इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहते.स्काउट ने कहा कि वह नई शुरुआत करना चाहते हैं और चाहते हैं कि उनके बीच की बातें यहीं खत्म हो जाएं. स्काउट के इस फैसले से लव काफी दुखी हो गईं. इसके बाद काजी और यंग ने उन्हें समझाने और संभालने की कोशिश की.
रोते हुए लव ने कही दिल की बात
आने वाले एपिसोड के प्रोमो में लव गिल भावुक होकर अपने दिल की बात कहती नजर आ रही हैं. उन्होंने कहा कि घर में हर कोई उन्हें अलग-अलग सलाह देता है. कोई उन्हें आगे बढ़ने के लिए कहता है, तो कोई स्काउट से बात नहीं करने की सलाह देता है. लव ने कहा कि उन्होंने स्काउट के साथ जो रिश्ता बनाया था, वह उनके लिए पूरी तरह सच्चा था. उन्होंने कहा, ‘मेरी तरफ से यह 110 प्रतिशत असली था. कुछ भी नकली नहीं था.’ लव ने आगे कहा कि इतने समय तक साथ रहने के बाद उनका रिश्ता एक दिन में खत्म नहीं हो सकता. उन्हें इस स्थिति को समझने और इससे बाहर निकलने के लिए थोड़ा समय चाहिए.
स्काउट को जिताना चाहती थीं लव
लव ने भावुक होकर यह भी कहा कि वह चाहती थीं कि स्काउट ओपी यह शो जीतें. उनकी बातों से साफ नजर आया कि स्काउट के फैसले से उन्हें काफी दुख पहुंचा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले एपिसोड में स्काउट और लव के रिश्ते में कोई बदलाव आता है या दोनों के बीच दूरियां और बढ़ जाती हैं. फिलहाल, इस भावुक पल ने बिग बॉस 20 की कहानी को एक नया मोड़ दे दिया है.
ये भी पढ़ें: India’s Got Latent: कौन हैं ‘ओडी जी’? PM मोदी की ऐसी मिमिक्री रातों-रात छा गया यूपी का लड़का; जानें राहिल की कहानी