Comedian Sunil Pal Kidnapping Case: कॉमेडियन और एक्टर सुनील पाल ने हाल ही में अपने किडनैपिंग कांड को लेकर पूरा खुलासा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वे बीते कई महीनों से डर के साए में जी रहे हैं. दरअसल, हाल ही में सुनील पाल अपने किडनैपर्स को पहचानने और अपने अपहरण कांड को लेकर मेरठ कोर्ट पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपना दर्द बयां किया है. 58 साल के सुनील अपने दोस्त और वकील के साथ कोर्ट पहुंचे. जहां उन्होंने दिसंबर 2024 में हुए खुद के अपहरण के बारे में बताया, जब उन्हें कथित तौर पर नेशनल हाईवे से किडनैप कर लिया गया था. उन लोगों ने उन्हें लगभग 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखा और बाद में छोड़ दिया. वहीं इस मामले में सुनील ने दो किडनैपर्स की पहचान कर ली है.
16 महीने से डर के साए में जी रहे सुनील
सुनील पाल ने बताया कि उन्हें हरिद्वार के इवेंट में परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था. इसके बाद वहां से उन्हें किडनैप किया गया. उन्होंने बताया कि लगभग 16 महीने बाद भी वे डर के माहौल में जी रहे हैं. इस मामले के कारण उन्हें अब घर से निकलने में भी डर लगने लगा है. इसके कारण उनका 10 किलो वजन तक कम हो गया है. उनका डर इस कदर बढ़ गया है कि अगर कोई उनके मुंबई वाले घर के आसपास भी दिखता है, तो वो उसे शक की नजरों से देखते हैं.
दोस्त को देते हैं जानकारी
उन्होंने कहा कि उस हादसे के बाद से वे इस कदर डर में हैं कि अगर उन्हें कहीं जाना होता है, तो वो दोस्त को फोन करके ही घर से बाहर निकलते हैं. अकेले जाने में डर लगता है. मुझे कहां जाना है और क्यों जाना है. इन सबके बारे में मैं अपने दोस्त साहिबे-आलम को जानकारी देता हूं. जिसके पास जाना होता है उसकी फोटो और फोन नंबर भी शेयर करता हूं.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि 2 दिसंबर 2024 को मेरठ में उनका अपहरण किया गया. इसको लेकर पुलिस में केस दर्ज कराया गया, जहां उन्होंने बताया कि सुनील को हरिद्वार में एक इवेंट के बहाने बुलाया गया था. जब वे हाईवे पर थे, तो आरोपियों ने उनका अपहरण कर, बंधक बना लिया. इसके बाद लगभग 24 घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया. आरोपियों ने सुनील पाल से 20 लाख की फिरौती मांगी. हालांकि 8 लाख पर मामला सेट हुआ. किडनैपर्स ने 8 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए. आरोपियों ने डरा-धमकाकर उन्हें छोड़ा.
10 आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों के चंगुल से छूटकर वे सीधे परिवार के पास मुंबई पहुंचे और उनकी पत्नी सरिता ने पुलिस में FIR दर्ज कराई. इसके बाद मेरठ में केस दर्ज हुआ. पुलिस ने इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एसयूवी, 2..25 लाख नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया. वहीं अब इन आरोपियों में से दो को सुनील पाल ने पहचान लिया है.