Shilpa Shetty: ये तो सभी जानते हैं कि शिल्पा शेट्टी को यात्रा करना बहुत पसंद है और वह अक्सर अपनी यात्राओं से जुड़ी पिक्चर्स इंस्टाग्राम पर शेयर करती रहती हैं. चाहे वह किसी फॉरेन कंट्री की सैर कर रही हों या भारत के किसी शहर में, उनकी ट्रैवेलडायरी में अनूठे अनुभवों और क्षेत्रीय आकर्षण के प्रति उनका गहरा लगाव दिखाई देता है.
हाल ही में शिल्पा महादेव की नगरी वाराणसी में थीं, जो भारत के सबसे पुराने और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहरों में से एक है. उन्होंने अपनी इस बनारस यात्रा की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ शेयर की हैं.
बनारस की लस्सी का लिया स्वाद
कोई बनारस जाए और वहां के स्ट्रीट फ़ूड का आनंद न ले, ऐसा तो हो ही नहीं सकता. शिल्पा शेट्टी ने भी अपनी वाराणसी की इस यात्रा में बनारसी खान-पान का खूब लुत्फ़ उठाया. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर अपने खाने-पीने के रोमांच की एक झलक भी साझा की. तस्वीर में लकड़ी के काउंटर पर सफेद प्लेटों में लस्सी से भरे कई कुल्हड़े सजे हुए थे, साथ ही हैशटैग #BanarasiLassi और #BanarasDiaries भी थे. देखिए:

बनारसी साड़ी की खरीदारी
बनारसी स्ट्रीट फूड एंजॉय करने के अलावा शिल्पा ने बनारसी साड़ियों की भी खरीदारी की. शिल्पा को एक स्थानीय दुकान पर बनारसी साड़ियां खरीदते हुए देखा गया. तस्वीर और वीडियो में एक विक्रेता दुकान के अंदर प्रदर्शित रंग-बिरंगी साड़ियों को दिखाते हुए नजर आया.

विंध्यवासिनी मां का लिया आशीर्वाद
उनका अंतिम पड़ाव मिर्जापुर के विंध्याचल में स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर था. शिल्पा शेट्टी ने वहां जाकर मां के दर्शन किये और मत्था टेका. बता दें कि यह मंदिर 51 शक्ति पीठों में से एक है, जहां देवी मां अपने पूर्ण शरीर के साथ विराजमान मानी जाती हैं. नवरात्र के दौरान यहां विशेष भीड़ होती है.
