21
Jacqueline Fernandez on Money Laundering Case: बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस ने पाला बदल लिया है, जिसके बाद अब सुकेश चन्द्रशेखर की मुश्किलें और भी ज्यादा बढ़ सकती हैं. एक्ट्रेस ने 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुकेश के खिलाफ गवाह बनने का फैसला किया है.
एक्ट्रेस के वकील ने मामले की सुनवाई कर रहे पटियाला हाउस में कहा कि वह ठग सुकेश चन्द्रशेखर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनना चाहती हैं. उन्होंने ईडी से इस मामले में सरकारी गवाह बनने का भी अनुरोध किया है. आपको बता दें कि उन्होंने पहले ऐसा करने से इनकार कर दिया था. लेकिन, अब उनका ये फैसला किसी झटके से कम नहीं होगा.
सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग केस में जैकलीन बनेंगी सरकारी गवाह
जैकलीन फर्नांडिस ने हाल ही में दिल्ली की एक अदालत को बताया कि वह ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनना चाहती हैं. कोर्ट ने जैकलीन से कहा कि इसके लिए उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को औपचारिक आवेदन देना होगा. प्रक्रिया के मुताबिक, ऐसा आवेदन पहले जांच एजेंसी को दिया जाता है. इसके बाद एजेंसी उनका बयान दर्ज करेगी और फिर तय करेगी कि उन्हें सरकारी गवाह बनाने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाए या नहीं.
यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब कुछ महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में जैकलीन के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही को रद्द करने से इनकार कर दिया था.
सुकेश जैकलीन को देता था महंगा तोहफा
आपको बता दें, आरोप लगे थे कि सुकेश चन्द्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडिस को महंगे तोहफे दिए थे. जानकारी के मुताबिक उन्होंने जैकलीन पर 7 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए. इन उपहारों में कीमती आभूषण, चार फ़ारसी बिल्लियां और लगभग 57 लाख रुपये का एक घोड़ा शामिल था.
इतना ही नहीं सुकेश ने जैकलीन के परिवार को महंगे तोहफे भी दिए. उनके माता-पिता, जो बहरीन में रहते हैं, को दो लक्जरी कारें, एक पोर्श और एक मासेराती दी गईं, जिनकी कीमत लगभग 1.89 करोड़ रुपये थी. इसके अलावा अपने भाई को एक एसयूवी और बहन को करीब 1.25 करोड़ रुपये की बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट की थी.