Kangana Ranaut on Hanuman Ansh: 2 करोड़ की बजट वाली एक फ़िल्म, जिसमें न तो कोई बड़ा प्रमोशन था और न ही कोई बड़ा स्टार. पिछले महीने चुपचाप सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई और बॉक्स ऑफ़िस पर धूम मचा दी. हालांकि ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफ़िस पर थोड़ी धीमी रही लेकिन लोगों की अच्छी प्रतिक्रियाओं की वजह से यह अब एक हिट फ़िल्म बन गई है. मेकर्स ने कहा कि ऑडियंस ने ही उनकी पीआर का काम किया है. लोगों ने फिल्म देखी और काफी तारीफ भी की. हाल ही में एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी इस फिल्म की तारीफ की और दर्शकों से कहा कि वे थेरेपी लेने के बजाय सिनेमाघरों में जाकर यह फिल्म देखें.
कंगना रनौत ने ‘हनुमान अंश’ की तारीफ़ की
बुधवार को कंगना ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की, जिसमें उन्होंने नीम करौली बाबा की एक तस्वीर शेयर की. उन्होंने ‘हनुमान अंश’ फ़िल्म की जमकर तारीफ की. एक्ट्रेस ने लिखा, ‘हनुमान_अंश कोई फ़िल्म नहीं है; यह एक सत्संग है, जिसमें उन लोगों की छोटी-छोटी कहानियों को खूबसूरती से पिरोया गया है जिन्होंने नीम करौली बाबा का अनुभव किया था. अपनी थेरेपी छोड़ें और जाकर इसे देखें.’
मधुर भंडारकर ने भी की तारीफ
कंगना से पहले, फ़िल्ममेकर मधुर भंडारकर ने भी फ़िल्म का रिव्यू किया और बॉक्स ऑफ़िस पर इसकी सफलता की तारीफ़ की. उन्होंने हनुमान अंश की तारीफ करते हुए लिखा, ‘सिनेमाघरों में हनुमान अंश देखते हुए असली सिनेमाई जादू का अनुभव हुआ, दर्शक पूरी तरह से स्क्रीन से जुड़े हुए थे! फिल्म का निर्देशन बहुत ही बेहतरीन है. वहीं एक्टर शोभिनव सत्य का नीम करौली बाबा का किरदार निभाना पूरी तरह से स्वाभाविक और बेदाग है.’
Witnessed pure cinematic magic watching #HanumanAnsh in the theatre the audience was completely glued to the screen! 🙌 @filmervishal direction is wonderfully honest & tender, while actor Shobhinav Satya’s portrayal of Neem Karoli Baba is purely natural and flawless. 👌
This… pic.twitter.com/rZGJmtqcRg— Madhur Bhandarkar (@imbhandarkar) September 1, 2026
उन्होंने आगे कहा कि बिना बड़े स्टार्स वाली यह कम बजट की फ़िल्म पूरी भारतीय फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए एक अहम केस स्टडी है. यह साबित करती है कि बॉक्स ऑफ़िस पर बड़े बजट वाली फ़िल्मों के मुकाबले सच्चा विश्वास और दमदार कहानी हमेशा जीतती है. पूरी टीम प्रोड्यूसर्स, एक्टर्स और टेक्नीशियंस को उनकी शानदार मेहनत के लिए बहुत-बहुत बधाई. दर्शकों को भी बहुत-बहुत धन्यवाद कि उन्होंने इस बेहतरीन फ़िल्म को ज़बरदस्त ब्लॉकबस्टर बनाया!
बॉक्स ऑफिस पर हनुमान अंश
विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित, ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है, जिन्हें महाराज-जी के नाम से भी जाना जाता है. फिल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर धूम मचा दी है. सैकनिल्क के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज़ के पहले दिन बॉक्स ऑफ़िस पर 10 लाख रुपये की कमाई की थी. शुरुआती दो हफ़्तों में फ़िल्म का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन बहुत कम रहा और इसने सिर्फ़ 1.48 करोड़ रुपये ही कमाए थे.
हालांकि 17वें दिन फ़िल्म ने 2.20 करोड़ रुपये कमाए. फ़िल्म ने 24वें दिन सबसे ज़्यादा 12.75 करोड़ रुपये की कमाई की. चौथे मंगलवार यानी 26वें दिन, फ़िल्म ने कन्नड़ स्टार यश की फ़िल्म ‘टॉक्सिक’ के एक दिन के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया और 8.50 करोड़ रुपये कमाए. अब तक फ़िल्म ने भारत में बॉक्स ऑफ़िस पर कुल 54.13 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है.