Delhi Sarai Kale Khan Station: दिल्ली में अब नमो भारत ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को सिर्फ सफर की सुविधा ही नहीं मिलेगी बल्कि खरीदारी, खानपान और ठहरने के लिए भी कई विकल्प मिल सकते हैं. राजधानी के सराय काले खां नमो भारत स्टेशन को एक बड़े व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. यहां स्टेशन के ऊपर होटल, दफ्तर, रेस्टोरेंट और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसके लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने निविदाएं भी आमंत्रित कर दी हैं.
स्टेशन के ऊपर बनेगा होटल
इस परियोजना के तहत स्टेशन के ऊपर करीब 21,063 वर्गमीटर जगह का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाएगा. इस जगह पर होटल, कार्यालय, को-वर्किंग स्पेस, रेस्टोरेंट, खुदरा दुकानें और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठान बनाए जा सकेंगे. इस पूरे प्रोजेक्ट को एयर-राइट्स डेवलपमेंट मॉडल के तहत तैयार किया जाएगा. आसान भाषा में समझें तो इसमें जमीन पर अलग से निर्माण करने के बजाय पहले से बने स्टेशन और परिवहन ढांचे के ऊपर खाली जगह का इस्तेमाल किया जाता है. इससे जमीन की जरूरत कम होती है और शहर के बीचोंबीच व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं. NCRTC इसी मॉडल के जरिए स्टेशन परिसर को आधुनिक रूप देने की तैयारी में है.
कई बड़े परिवहन साधनों से जुड़ा है स्टेशन
सराय काले खां की सबसे बड़ी खासियत इसकी शानदार कनेक्टिविटी है. यह स्टेशन दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का अहम हिस्सा है. यहां से दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और वीर हकीकत राय अंतरराज्यीय बस अड्डे तक पहुंचना आसान है. इसके अलावा गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद जैसे शहरों से भी इस इलाके की अच्छी कनेक्टिविटी है.
भविष्य में बढ़ेगी यात्रियों की भीड़
आने वाले समय में इस स्टेशन का महत्व और बढ़ सकता है. NCRTC के अनुसार, प्रस्तावित दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ और दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर के लिए भी सराय काले खां शुरुआती स्टेशन होगा. ऐसे में यहां यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. यही वजह है कि स्टेशन के आसपास व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाई जा रही है.
पर्यावरण का भी रखा जाएगा ध्यान
इस परियोजना में केवल व्यावसायिक सुविधाओं पर ही ध्यान नहीं दिया जाएगा बल्कि पर्यावरण को भी प्राथमिकता दी जाएगी. इसके तहत नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियां और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाएं विकसित करने की योजना है. NCRTC के मुताबिक, पूरा विकास दिल्ली के मास्टर प्लान-2047 के अनुरूप किया जाएगा.