370 रुपये की बिरयानी वाले विवाद के बाद कॉमेडियन प्रणित मोरे को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा. इस बीच अभिनेत्री कुनिका सदानंद उनके समर्थन में सामने आई हैं. बिग बॉस 19 में प्रणित के साथ नजर आ चुकीं कुनिका ने शनिवार को उनके माफी मांगने वाले वीडियो पर कमेंट कर उनका बचाव किया.
कुनिका सदानंद ने क्या कहा?
बिग बॉस 19 में प्रणित के साथ नज़र आने वाली अभिनेत्री कुनिका सदानंद ने अब कमेंट्स में प्रणित का बचाव किया है. प्रणित द्वारा शनिवार को जारी किए गए उनके माफीनामे के वीडियो के कमेंट सेक्शन में कुनिका ने लिखा, ‘गलतियां तो हर कोई करता है, लेकिन उन्हें स्वीकार करने का साहस हर किसी में नहीं होता. प्रणित तुम अच्छे लड़के हो, सही मूल्यों वाले, लेकिन जैसा कि मैंने हमेशा कहा है, लोगों को चिढ़ाने या उनका मनोरंजन करने से तुम बहक सकते हो, खासकर एक एंटरटेनर के तौर पर, जब तुम लोगों को प्रतिक्रिया करते और हंसते हुए देखते हो. मुझे उम्मीद है कि लोग तुम्हें माफ कर देंगे, और मुझे यह भी उम्मीद है कि लोग महिलाओं/लड़कियों के प्रति अपना रवैया बदलेंगे.’
‘मजबूत रहें, सचेत रहें’
उन्होंने आगे कहा, ‘आप पीढ़ीगत मानसिकता के कारण नहीं हैं, बल्कि आप उन अनेक लोगों में से एक हैं जिन्हें पीढ़ियों से चली आ रही वस्तुकरण की मानसिकता विरासत में मिली है. ईश्वर आपका भला करे, मुझे यकीन है कि आप शानदार सामग्री के साथ वापसी करेंगे. मजबूत रहें, सचेत रहें.’
प्रणित मोरे ने मांगी माफी
प्रणित मोरे ने हालिया विवाद को लेकर लोगों से माफी मांगते हुए एक वीडियो जारी किया. जिसमें उन्होंने आहत लोगों से माफी मांगी और कहा कि वे अपने खिलाफ किसी भी कानूनी कार्यवाही में अधिकारियों के साथ सहयोग करेंगे. प्रणित ने लोगों से उन्हें एक और मौका देने की अपील की और कहा कि वे एक बेहतर इंसान बनेंगे.
क्या था विवाद?
यह विवाद गुरुग्राम में प्रणित के स्टैंड-अप शो के एक वीडियो के वायरल होने के बाद शुरू हुआ. वीडियो में, एक दर्शक हिमांशु जांगरा अपनी एक डेट का किस्सा सुना रहे था. उसने इशारा किया कि चिकन बिरयानी की एक थाली पर 370 रुपये खर्च करने के बाद, उसे महिला से बदले में कुछ मिलने की उम्मीद थी. इस आपत्तिजनक टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया था.