Alien Star Influencer: राजस्थान के चूरू के रहने वाले मोती मेघवाल (Moti Meghwal) जिन्हें लोग ‘एलियन स्टार’ (Alian Star) के नाम से जानते हैं, इन दिनों दुबई में हैं. इस बार की दुबई यात्रा उनके लिए और भी खास है क्योंकि वह अकेले नहीं बल्कि अपनी मां के साथ गए हैं. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी मां के साथ दुबई की सड़कों पर घूमते दिख रहे हैं और कहते हैं – लोग पूछते हैं वीडियो बनाने से क्या होता है, आज देखो मैं मम्मी को लेकर दुबई में खड़ा हूं.
मां के साथ दुबई में वायरल हुए मोती
मोती का अपनी मां के साथ वाला वीडियो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है. वीडियो में वह बड़े गर्व के साथ अपनी मां को दुबई घुमा रहे हैं. यह वीडियो सिर्फ घूमने का नहीं, बल्कि एक बेटे की मेहनत और सफलता की कहानी है. लोग इस वीडियो पर खूब प्यार लुटा रहे हैं और कमेंट में उन्हें बधाई दे रहे हैं. यह वीडियो दिखाता है कि सोशल मीडिया कैसे एक आम लड़के को खास बना सकता है.
जमजम ब्रदर्स ने बुलाया दुबई
सवाल है कि चूरू के एक गांव का लड़का दुबई कैसे पहुंचा? इसका जवाब है उनकी सोशल मीडिया पर लोकप्रियता. मोती अपने देसी अंदाज और फनी वीडियो की वजह से इंटरनेट पर हिट हैं. उनके कई वीडियो पर करोड़ों व्यूज हैं. इसी पहचान की वजह से उन्हें दुबई के मशहूर कंटेंट क्रिएटर और बिजनेसमैन जमजम ब्रदर्स ने दुबई बुलाया. जमजम ब्रदर्स JAMJAM Electronics के मालिक हैं और अक्सर वायरल क्रिएटर्स को दुबई बुलाते हैं. मोती भी उन्हीं के साथ दुबई गए हैं.
एक रील ने बदल दी किस्मत
मोती के कई वीडियो वायरल हुए हैं, लेकिन 15 अगस्त वाली रील ने उनकी किस्मत बदल दी. वीडियो में टीचर कहती है जो अच्छे कपड़े पहनकर आएगा उसे दो लड्डू मिलेंगे, अगले दिन मोती दूल्हे की शेरवानी पहनकर स्कूल पहुंच जाता है. इस मजेदार आइडिया को लोगों ने बहुत पसंद किया और इस रील को 18 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले. कभी लोग उनके अलग लुक की वजह से उन्हें ‘एलियन’ कहकर चिढ़ाते थे. आज वही नाम उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गया है. मोती ने इस नाम को अपनी ताकत बनाया और आज वही लोग उनके साथ सेल्फी लेने आते हैं.