Rajpal Yadav: राजपाल यादव को अब तक अलग-अलग किरदारों और अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसाते देखा है. हालांकि अब वह कुछ ऐसा करने की तैयारी में हैं, जो उनके करियर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में शामिल हो सकता है. अभिनेता ने एक इंटरव्यू में अपने दो महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स के बारे में बताया है. इनमें से एक करीब 1200 करोड़ रुपये के बजट वाली अंतरराष्ट्रीय फिल्म सीरीज है. वहीं दूसरा तीन घंटे का सोलो नाटक कलास्त्र है, जिसमें राजपाल अकेले 36 किरदार निभाएंगे.
1200 करोड़ की सीरीज में आएंगे नजर
राजपाल यादव ने बताया कि द किंग ऑफ वंडरफुल वर्ल्ड नाम की एक बड़ी फिल्म सीरीज पर पिछले दो-तीन साल से काम चल रहा है. यह कहानी करीब 12 फिल्मों या अध्यायों में पूरी होगी. अभिनेता ने इसे हॉलीवुड स्तर की अंतरराष्ट्रीय फिल्म सीरीज बताया है. राजपाल ने इस प्रोजेक्ट की तुलना हैरी पॉटर जैसी लंबी फिल्म सीरीज से की. हालांकि उनका कहना है कि इसकी कहानी और दुनिया पूरी तरह भारतीय संस्कृति और हमारी हजारों साल पुरानी परंपराओं से जुड़ी होगी.
चार्ली चैप्लिन पर बनेगी सीरीज
राजपाल यादव के मुताबिक, ये प्रोजेक्ट चार्ली चैप्लिन पर आधारित हो सकता है लेकिन इसकी कहानी किसी पुरानी फिल्म या कॉन्सेप्ट की कॉपी नहीं है. इसमें भारतीय संस्कृति और देश की मिट्टी से जुड़ी चीजों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी. राजपाल यादव का कहना है कि वह भारतीय कलाकार के तौर पर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में काम करना चाहते हैं. उनका मकसद भारतीय सिनेमा और दुनिया के सिनेमा के बीच एक कनेक्शन बनाना है.
अकेले निभाएंगे 36 किरदार
राजपाल यादव का दूसरा प्रोजेक्ट भी कम खास नहीं है. वह अगले साल अपना सोलो नाटक कलास्त्र लेकर आ रहे हैं. इस शो की शुरुआत दिल्ली के भारत मंडपम से होगी. 28, 29 और 30 मई 2027 को इसके तीन शो रिलीज हो सकते हैं. लगभग तीन घंटे के इस नाटक में राजपाल यादव अकेले 36 अलग-अलग किरदार निभाएंगे. शो के बीच में 20 मिनट का इंटरवल होगा. कलास्त्र के मतलब की बात करें, तो इसका मतलब कला का अस्त्र बताया जा रहा है. राजपाल का मानना है कि जब दुनिया में हथियारों की जरूरत कम करने की बात हो रही है, तब कला और संस्कृति लोगों को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम बन सकती है.