Rakul Preet Singh Jackky Bhagnani Relationship: अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह और निर्माता जैकी भगनानी हाल ही में यूट्यूब चैनल ‘ज़िंगाबाद’ के एक एपिसोड में शामिल हुए, जहां कपल ने खुलकर अपने रिश्ते के बारे में बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा रिश्ता ‘सिचुएशनशिप’ की तरह है.
कपल के इस बयान से हर कोई दंग रह गया. जैकी और रकुल ने कई सालों तक डेटिंग करने के बाद 2024 में शादी कर ली थी. रकुल और जैकी ने बातचीत के दौरान अपनी शादी को “सिचुएशनशिप” जरूर बताया, लेकिन उन्होंने इस शब्द का प्रयोग इसके पारंपरिक अर्थ में नहीं किया, बल्कि ये बताने के लिए किया कि वो एक मैच्योर रिलेशन में हैं.
रकुल और जैकी का बयान
जैकी ने हाल ही में यूट्यूब चैनल के ‘ज़िंगाबाद’ के एक एपिसोड में हुई बातचीत के दौरान कहा, “रकुल और मैं शादीशुदा हैं, लेकिन हमारा रिश्ता एक तरह का सिचुएशनशिप है, जिसका मतलब है कि हम एक-दूसरे के लिए ही बने हैं क्योंकि हमारी शादी इसी वजह से हुई है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं उससे किसी भी बात पर खुलकर चर्चा कर सकता हूं.” उस पल को याद करते हुए जब उन्होंने शादी करने का फैसला किया था, रकुल ने कहा, “हमने एक-दूसरे से कहा कि अब हम 20-21 साल के नहीं हैं. हम दोनों ने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. मैं व्यक्तिगत रूप से एक खुशमिजाज इंसान हूं. मैं किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश में नहीं हूं जो मेरे जीवन में खालीपन भर सके, क्योंकि अगर मैं उदास हूं, तो चाहे कोई भी मेरे जीवन में आए, मैं उदास ही रहूंगी और तुम भी व्यक्तिगत रूप से खुश हो. साथ में, हम ज्यादा खुश हैं.”
रकुल ने आगे स्पष्ट किया, “यह एक-दूसरे के जीवन में खालीपन को भरने की बात नहीं है. ऐसा नहीं है कि ‘तुम मुझे छुट्टी पर नहीं ले गए, इसलिए मैं दुखी हूं’ मैं वह छुट्टी खुद भी मना सकती हूं. मुझे लगता है कि जीवन में बात करने के लिए और भी महत्वपूर्ण बातें हैं.” जैकी ने बताया कि उनके रिश्ते में एक खास तरह की सहजता है, जिसकी वजह से वह रकुल के सामने अपनी पूर्व प्रेमिकाओं के बारे में खुलकर बात कर पाते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि जब रकुल आसपास होती हैं, तो उन्हें स्पीकरफोन पर कॉल लेने में कोई झिझक नहीं होती, क्योंकि उन्हें अपनी पत्नी से कुछ भी छिपाना नहीं है. उन्होंने कहा कि उन्हें घुटन महसूस नहीं होती.
रकुल और जैकी की शादी
रकुल और जैकी की शादी की तस्वीरें किसी परीकथा से कम नहीं लग रही थीं. शादी की तस्वीरों में रकुल गुलाबी लहंगे में और जैकी सफेद शेरवानी में नजर आ रहे हैं. दोनों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ रही है. तस्वीरें शेयर करते हुए कपल ने कैप्शन में लिखा था, “अब और हमेशा के लिए मेरी. 21-02-2024,” साथ ही हैशटैग “abdonobhagnani” भी जोड़ा. कपल ने गोवा में डेस्टिनेशन वेडिंग की थी जिसमें शाहिद कपूर और मीरा राजपूत, शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा, कथित जोड़ी अनन्या पांडे और आदित्य रॉय कपूर, रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा, आयुष्मान खुराना अपनी पत्नी ताहिरा कश्यप, बहनें भूमि और समीक्षा पेडनेकर और ईशा देओल शामिल हुए थे.