1987 में रामानंद सागर द्वारा निर्देशित रामायण और उसके स्टार कास्ट आज भी काफी मशहूर हैं. हाल ही में महान निर्देशक रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने नितेश तिवारी की रामायण के ट्रेलर पर अपनी पहली प्रतिक्रिया साझा की है.
उन्होंने फिल्म के दृश्यों, वीएफएक्स और कास्टिंग के कुछ हिस्सों की प्रशंसा की, लेकिन यह भी स्वीकार किया कि रणबीर कपूर द्वारा भगवान राम की भूमिका निभाने को लेकर उन्हें कुछ आपत्तियां हैं.
शिव सागर ने रामायण ट्रेलर की समीक्षा की
द क्लाइमेक्स इंडिया द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में, शिव सागर ने कहा कि उन्हें ट्रेलर पहले जारी किए गए टीज़र की तुलना में काफी बेहतर लगा. उन्होंने कहा, “मैंने कल रिलीज़ हुआ ट्रेलर देखा, और ज़ाहिर है, ट्रेलर टीज़र से कहीं बेहतर था क्योंकि पहले जारी किए गए टीज़र में बहुत कम जानकारी थी. यह एक लंबा प्रोमो था, इसलिए हम किरदारों को ज़्यादा देख पाए, ज़्यादा वीएफएक्स देख पाए, और रावण का भी खुलासा हुआ, जिसका किरदार यश ने निभाया है.”
यश और साई पल्लवी की प्रशंसा
शिव सागर ने कहा कि कुल मिलाकर, मुझे रावण के रूप में यश की कास्टिंग बहुत पसंद आई, और सीता के रूप में साई पल्लवी की कास्टिंग भी बहुत अच्छी लगी क्योंकि वे दक्षिण भारत से हैं, और ये कलाकार हमारी पौराणिक कथाओं को अच्छी तरह समझते हैं. ये वो कहानियां हैं जो उन्हें बचपन से उनके दादा-दादी ने सुनाई हैं। इसलिए वे किरदारों के हाव-भाव और उन्हें अच्छी तरह समझते हैं. मुझे लगता है कि यही कारण है कि यश और साई पल्लवी इन किरदारों को अपने अभिनय में बखूबी उतार पाए. उन्होंने आगे कहा, “लेकिन मुझे कुछ अन्य अभिनेताओं में खास दिलचस्पी नहीं थी. मुझे लगा कि हम आमतौर पर राम जैसे किरदार के लिए हमेशा एक नए चेहरे को ही चुनते हैं. रणबीर के साथ काफी विवाद जुड़े हुए हैं, खासकर ‘ एनिमल’ के बाद , इसलिए मुझे नहीं पता कि उन्हें राम के रूप में स्वीकार किया जाएगा या नहीं.”
शिव सागर ने की फिल्म की दृश्य प्रस्तुति की तारीफ
शिव सागर ने कहा कि ट्रेलर में फिल्म के विज़ुअल इफेक्ट्स बहुत अच्छे थे. नितेश तिवारी जी ने फिल्म की कल्पना बहुत खूबसूरती से की है. मुझे शूर्पणखा का बाघ रथ पर प्रवेश बहुत पसंद आया, और पुष्पक विमान की कल्पना भी बहुत अच्छी लगी. कुछ चीजें वाकई शानदार और बेहतरीन थीं. मुझे पूरी उम्मीद है कि यह रामायण अच्छा प्रदर्शन करेगी क्योंकि इससे अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए यह शैली खुल जाएगी, और हमारी संस्कृति और पौराणिक कथाएं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सकेंगी.
बता दें कि नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित, रामायण: भाग एक में रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने सीता और यश ने रावण की भूमिका निभाई है. रवी दुबे भी फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं. फिल्म का संगीत हंस ज़िमर और एआर रहमान ने तैयार किया है, वहीं यश द्वारा रावण के किरदार को निभाना फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा का विषय बन चुका है. फिल्म निर्माताओं ने सनी देओल के हनुमान जी के किरदार को भी गुप्त रखा है. रामायण: पार्ट वन दिवाली 2026 के दौरान रिलीज होने वाली है, जबकि इसका सीक्वल दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है.