रश्मिका मंदाना अपनी आगामी फिल्म ‘मैसा’ की शूटिंग के दौरान कूल्हे में चोट लगने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आईं. सर्जरी के बाद घर पर आराम कर रही रश्मिका अपने पति, अभिनेता विजय देवरकोंडा के साथ हैदराबाद में एक कार्यक्रम में शामिल हुईं.
बता दें कि यह जोड़ा निर्माता निरंजन रेड्डी के बेटे साहिल रेड्डी की सगाई में एक साथ पहुंचा और कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करते समय उन्हें हाथ पकड़कर अंदर जाते हुए देखा गया.
ब्लैक लहंगे में खूबसूरत लग रही थीं एक्ट्रेस
सगाई समारोह में रश्मिका मंदाना ब्लैक और गोल्डन रंग के लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं. सर्जरी के बाद भी उन्होंने पारंपरिक लहंगे में सहजता का परिचय दिया. विजय देवरकोंडा ने भी रश्मिका के लुक से मेल खाते हुए काले रंग का सूट पहना था. इससे पहले, अगस्त में, रश्मिका ने इंस्टाग्राम पर अपनी चोट और उससे उबरने के बारे में खुलकर बात की थी.
Hero #VijayDeverakonda and #RashmikaMandanna snapped at producer #NiranjanReddy’s son’s engagement in Hyderabad. 💓💓 pic.twitter.com/BKAlsKrJBt
— Milagro Movies (@MilagroMovies) August 24, 2026
उन्होंने लिखा, “यह कुछ समय पहले हुआ था और यह मेरी लगातार तीसरी चोट है. मुझे अपने शरीर को किसी मशीन की तरह नहीं, बल्कि एक इंसान के शरीर की तरह समझना सीखना चाहिए. कूल्हे के दोनों ओर चार नसें होती हैं जो कूल्हे को पैर से जोड़ती हैं और मेरे दाहिने कूल्हे की एक नस शायद अलग हो गई थी, जिसे फिर से जोड़ना होगा ताकि मैं अपना पैर उठा सकूं. यह सब ‘ मैसा’ फिल्म के डांस शूट के दौरान हुआ , जो यकीनन मेरी अब तक की सबसे आक्रामक फिल्म है.”
शेयर किया अपना दर्द
रश्मिका ने सर्जरी के बाद अपना दर्द शेयर करते हुए कहा, “दर्द तो होता है, लेकिन असहनीय नहीं है. मुझे ऐसा लगता है जैसे भगवान मुझसे कह रहे हों कि अगर सब कुछ तुम्हारे ऊपर छोड़ दिया जाए तो तुम्हें कभी आराम नहीं मिलेगा, इसलिए चलो मैं तुम्हारे लिए ये कर देती हूँ. मजबूरी की छुट्टी है – पर कोई शिकायत नहीं. मैं बहुत सारी पहेलियाँ सुलझा रही हूँ – मुझे पता ही नहीं था कि मैं पहेलियों में इतनी अच्छी हूँ.” उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा था, ‘मैं सचमुच वजन बढ़ने से रोकने की पूरी कोशिश कर रही हूँ क्योंकि मैं खूब कसरत और दौड़ लगाती हूँ जिससे मेरी सेहत अच्छी बनी रहती है. अब मैं कुछ समय तक कसरत या दौड़ नहीं पाऊँगी और अगर कसरत नहीं कर पाऊँगी तो क्या करूँगी… मैं खाऊँगी… और मीठे की दीवानी हो जाऊँगी. बस इतना ही… और क्या छूट गया… कुछ नहीं ना… अगर कुछ होगा तो जल्द ही बता दूँगी.’ बता दें कि रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने फरवरी 2026 में उदयपुर में एक निजी समारोह में शादी की थी.