7
पूजा ददलानी, जो दिग्गज अभिनेता शाहरुख खान की मैनेजर हैं. उन्होंने ऐसा काम किया कि सब हैरान हो गए हैं. पूजा ददलानी ने मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा में एक नहीं, बल्कि तीन अपार्टमेंट खरीदे हैं, जिसकी कीमत आपको हैरान कर सकती है. अब अभिनेता की मैनेजर इस निवेश के साथ बड़े कलाकारों की लिस्ट में शामिल हो गई हैं. जानिए उन्होंने रियल स्टेट में कितना निवेश किया.
परिवार के लिए खरीदा घर
शाहरुख खान की लंबे समय से मैनेजर रहीं पूजा ददलानी ने अपने पति हितेश प्रकाश गुरनानी और पिता मोहन सेओराम ददलानी के साथ मुंबई के बांद्रा इलाके में तीन अपार्टमेंट में निवेश किया है. सीआरई मैट्रिक्स द्वारा प्राप्त प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, उन्होंने इसके लिए कुल 38.21 करोड़ रुपये है खर्च किए.
कहां स्थित है ये अपार्टमेंट?
आपको बता दें कि पूजा ददलानी का ये अपार्टमेंट कार्टर रोड पर स्थित एक पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा हैं, जो बांद्रा के सबसे लोकप्रिय इलाकों में से एक है. वरुण नाम की इस इमारत का निर्माण लोटस डेवलपर्स की एक शाखा, ट्रिक्शा रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है. प्रत्येक अपार्टमेंट परिवार के सदस्यों द्वारा व्यक्तिगत रूप से खरीदा गया है. इसमें से एक अपार्टमेंट पूजा ददलानी, उनके पति और एक उनके पिता के नाम पर दर्ज है.
क्या है अपार्टमेंट की खासियत?
हर अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 1,511.15 वर्ग फुट है और इसके साथ 81.16 वर्ग फुट की बालकनी भी मिलती है. तीनों अपार्टमेंट का कुल एरिया 4,776 वर्ग फुट है. इस डील में 6 पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं, जो इस इलाके में एक बड़ी सुविधा मानी जाती है, क्योंकि यहां पार्किंग मिलना मुश्किल होता है.
कौन हैं पूजा ददलानी?
पूजा ददलानी भारत की सबसे प्रमुख सेलिब्रिटी मैनेजरों में से एक हैं, जो बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की मैनेजमेंट के लिए जानी जाती हैं. वह 2012 से उनके साथ जुड़ी हुई हैं और फिल्म परियोजनाओं, ब्रांड एंडोर्समेंट, जनसंपर्क और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट जैसे व्यावसायिक उद्यमों सहित उनकी पेशेवर प्रतिबद्धताओं की देखरेख में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. पूजा ददलानी कथित तौर पर सालाना 7 करोड़ से 9 करोड़ रुपये के बीच वेतन कमाती हैं, जिससे वह भारत में सबसे अधिक कमाई करने वाली सेलिब्रिटी मैनेजरों में से एक बन गई हैं. शाहरुख से पहले पूजा ददलानी ने दीपिका पादुकोण के काम को भी मैनेज किया था.