Liver Damage: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी जहां सेहत को चूना लगा लगा रही है. वहीं, ‘इंस्टेंट’ फूड बीमारी को दोगुना बढ़ा रही है. इसी का नतीजा है कि, आज हार्ट रोग, स्ट्रोक, लिवर डैमेज, कैंसर, डायबिटीज और मोटापा जैसी बीमारियां लिस्ट में टॉप पर हैं. इन सभी की शुरुआती स्टेज गलत खानपान और खराब जीवनशैली से ही होती है. यह स्थिति लिवर के सामान्य कार्य जैसे टॉक्सिन को बाहर निकालना, पाचन में सहायता करना और खून को साफ करने की क्षमता को प्रभावित करती है. हेल्थ एक्सपर्ट लिवर की बीमारियों के बढ़ते खतरों को लेकर समय-समय पर गंभीर चेतावनी जारी करते रहते हैं. अगर समय पर ध्यान न दिया जाए तो लिवर फेलियर तक का जोखिम बढ़ सकता है. लिवर की बीमारी को आमतौर पर शराब से जोड़कर देखा जाता है. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि कुछ अन्य कारणों से भी लिवर फेल होने का खतरा बढ़ सकता है. अब सवाल है कि आखिर लिवर फेल होने के खतरे क्या हैं? आइए जानते हैं इस बारे में-
फैटी लिवर: एक उभरता हुआ खतरा
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट में डॉ. धीमन कहते हैं कि, लिवर फेलियर के तीन मुख्य स्तंभ रहे हैं: शराब का सेवन, वायरल हेपेटाइटिस और नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD). हालांकि, हाल के वर्षों में एक चौंकाने वाला बदलाव देखा गया है. अब फैटी लिवर बीमारी सबसे प्रमुख कारण बनकर उभर रही है. यह बीमारी किसी वायरस या बाहरी संक्रमण से नहीं, बल्कि पूरी तरह से हमारी खराब आदतों और जीवनशैली से जुड़ी हुई है.
फूड डिलीवरी और देर रात का भोजन
आज की युवा पीढ़ी और कामकाजी लोगों में बढ़ते ‘फूड डिलीवरी कल्चर’ पर गहरी चिंता जताई जा सकती है. एक्सपर्ट कहते हैं कि, लोग घर के बने पौष्टिक खाने को छोड़कर ऑनलाइन ऐप से खाना मंगाने पर निर्भर हो गए हैं. विशेष रूप से देर रात को भारी और कैलोरी से भरपूर भोजन ऑर्डर करना लिवर के लिए “जहर” के समान है. एक्सपर्ट कहते हैं कि, लिवर को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी तरीका घर का बना सादा खाना है. क्योंकि, बाहर के खाने में अत्यधिक तेल, नमक और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, जो लिवर पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं और मेटाबॉलिज्म को बिगाड़ देते हैं.
स्वस्थ लिवर के लिए ‘गोल्डन रूल्स’
रेगुलर एक्सरसाइज: हेल्थ एक्सपर्ट कहते हैं कि, हर व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा व्यायाम जरूर करना चाहिए. शारीरिक सक्रियता लिवर में जमा अतिरिक्त वसा को घटाने में मदद करती है.
वजन पर कंट्रोल रखें: लिवर को हेल्दी रखने के लिए शरीर का वजन मेंनटेन रखें. क्योंकि, परफेक्ट वजन रखना फैटी लिवर से बचने की पहली सीढ़ी है.
डायबिटीज कंट्रोल रखें: यदि आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो इसे सख्ती से नियंत्रित करना आवश्यक है, क्योंकि मधुमेह का लिवर के स्वास्थ्य से सीधा संबंध है.
इन चीजों से रखें दूरी: शराब का सेवन लिवर को सीधे तौर पर नष्ट करता है, इसलिए इससे पूरी तरह परहेज करना ही समझदारी है.