Ayodhya Janakpur Dham Express Train: अयोध्या में रामलला के दर्शन करने की इच्छा रखने वाले नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. अब जनकपुरधाम से अयोध्या तक का सफर पहले के मुकाबले आसान होने जा रहा है. भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी मिल गई है. यह ट्रेन न सिर्फ दोनों देशों के यात्रियों को सुविधा देगी बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई रफ्तार दे सकती है.
इस नई ट्रेन का नाम जनकपुरधाम-अयोध्या एक्सप्रेस रखा गया है. 17 कोच वाली इस ट्रेन को 23 नवंबर को भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री ऑनलाइन माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे. करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन का रेलवे ने पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. खास बात यह है कि ट्रेन सप्ताह में दो अलग-अलग दिनों में दोनों दिशाओं में चलेगी.
जनकपुरधाम से कब पकड़ें ट्रेन?
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर 15595 हर शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुरधाम से रवाना होगी. रास्ते में यह जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी और नरकटियागंज समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी. ट्रेन शाम 7 बजे सीतामढ़ी और रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंच जाएगी. इसके बाद रविवार सुबह 03:55 बजे गोरखपुर से गुजरते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंच जाएगी.
अयोध्या से वापसी कैसे कब?
अगर आप अयोध्या से जनकपुरधाम जाना चाहते हैं तो ट्रेन नंबर 15596 हर सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी. यह रात 10:13 बजे गोरखपुर और देर रात 1:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी. मंगलवार सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी पहुंचने के बाद दोपहर 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी. जयनगर में ट्रेन का ठहराव सुबह 8:45 से 10:45 बजे तक रहेगा. इस ट्रेन में सफर करने वालों के लिए एक खास नियम भी रखा गया है. रेलवे के अनुसार, यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट ही जारी किए जाएंगे. इसमें RAC और वेटिंग टिकट की सुविधा नहीं होगी.