Bank Holiday August 2026: अगर अगले सप्ताह आपको बैंक की शाखा में जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है तो 24 अगस्त 2026, सोमवार को ही काम पूरा कर लेना बेहतर रहेगा. अगस्त के आखिरी सप्ताह में अलग-अलग राज्यों और शहरों में त्योहारों व साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक शाखाओं में कई छुट्टियां पड़ रही हैं. हालांकि, बैंक बंद रहने के बावजूद एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य तौर पर उपलब्ध रहेंगी. भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार बैंक अवकाश पूरे देश में एक जैसे नहीं होते, बल्कि कई छुट्टियां राज्य और क्षेत्र के हिसाब से अलग-अलग होती हैं. वहीं हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक शाखाएं बंद रहती हैं.
25 अगस्त को इन जगहों पर बंद रहेंगे बैंक
25 अगस्त, मंगलवार को मिलाद-उन-नबी, फर्स्ट ओणम और मिलाद-ए-शरीफ के अवसर पर कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा. देश के बाकी अधिकांश हिस्सों में इस दिन बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे.
26 अगस्त को कई बड़े शहरों में बैंकिंग सेवाएं रहेंगी बंद
26 अगस्त, बुधवार को ईद-ए-मिलाद, बरावफात और मिलाद-उन-नबी से जुड़े अवकाश के कारण कई शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इनमें बेंगलुरु, पटना, लखनऊ, नागपुर, मुंबई, दिल्ली, रांची और रायपुर जैसे शहर शामिल बताए जा रहे हैं. इसलिए इस दिन बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टी जरूर जांच लें.
27-28 अगस्त को भी कुछ राज्यों में छुट्टी
अगस्त के आखिरी सप्ताह में क्षेत्रीय त्योहारों और रक्षाबंधन के कारण भी कुछ राज्यों में बैंक शाखाओं का कामकाज प्रभावित रहेगा. अहमदाबाद, भोपाल, जयपुर, कानपुर और कोच्चि जैसे शहरों में क्षेत्रीय अवकाश के चलते बैंक बंद रह सकते हैं. वहीं पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर बैंक अवकाश रहेगा.
29 अगस्त को पांचवां शनिवार, फिर भी बैंक खुलेंगे
यहां एक जरूरी बात ध्यान देने वाली है. 29 अगस्त 2026 को महीने का पांचवां शनिवार है. ऐसे में बैंक शाखाएं बंद नहीं रहेंगी. बैंक शाखाओं के लिए सामान्य नियम के मुताबिक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि पांचवें शनिवार को बैंक खुले रहते हैं. 30 अगस्त, रविवार को देशभर में बैंक शाखाएं साप्ताहिक अवकाश के कारण बंद रहेंगी. हालांकि, इस दौरान ग्राहक एटीएम और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे.
बैंक जाने से पहले ऐसे निपटा लें जरूरी काम
अगर आपको नकद जमा या निकासी, चेक से जुड़ा काम, बैंक खाते में जरूरी बदलाव, दस्तावेज जमा करने या किसी अन्य शाखा-आधारित सेवा की जरूरत है, तो इसे छुट्टियों से पहले पूरा कर लेना बेहतर रहेगा. खासकर त्योहारों के आसपास बैंक खुलने वाले दिनों में भीड़ बढ़ सकती है.