Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां ब्रिटेन से भारत लौटे 35 वर्षीय इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उनका शव होटल के कमरे में बने लग्जरी बाथटब यानी जकूजी में मिला. हैरानी की बात यह है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और होटल के सीसीटीवी कैमरों में भी कोई बाहरी व्यक्ति कमरे में जाता हुआ दिखाई नहीं दिया. ऐसे में इंजीनियर की मौत कई सवाल खड़े कर रही है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है.
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी 35 वर्षीय प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है. वे ब्रिटेन के मैनचेस्टर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के पद पर काम करते थे.
भारत क्यों आए थे प्रांजिल?
उनकी शादी तय हो चुकी थी और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं. इसी सिलसिले में वह भारत आए थे. बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी मंगेतर के साथ शॉपिंग भी की थी. इसके बाद वह उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने गए. सोमवार को दिल्ली लौटने पर उन्होंने IGI एयरपोर्ट पर अपने एक दोस्त को फ्लाइट में बैठाकर विदा किया. इसके बाद देर रात गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में कमरा नंबर 302 बुक कराया.
जकूजी में शव और कमरे से दवाओं की स्ट्रिप
सोमवार शाम होटल कर्मचारियों को प्रांजिल के कमरे में कुछ गड़बड़ी होने का शक हुआ. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद मास्टर चाबी से कमरा खोला गया. अंदर प्रांजिल जकूजी के पानी में अचेत अवस्था में मिले. डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस को कमरे से 10 टैबलेट वाली एक स्ट्रिप भी मिली है, जिसमें से 6 टैबलेट गायब थीं. यानी स्ट्रिप में केवल 4 टैबलेट बची हुई थीं. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रांजिल ने ये छह गोलियां खाई थीं या नहीं…
CCTV फुटेज ने बढ़ाई रहस्य की गुत्थी
सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने कमरे की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए. होटल की तीसरी मंजिल और मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई. शुरुआती जांच में कोई बाहरी व्यक्ति प्रांजिल के कमरे में जाता हुआ नहीं दिखा. कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद मिला था. फिलहाल प्रांजिल की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा.