Homemade Rose Lip Balm: सर्दियों का मौसम आते ही त्वचा के साथ होंठों की नमी भी गायब होने लगती है. कभी होंठों पर पपड़ी जमने लगती है तो कभी सूखापन इतना बढ़ जाता है कि हंसने और बोलने में भी परेशानी होने लगती है. ऐसे में बार-बार बाजार में मिलने वाले लिप बाम लगाने के बावजूद राहत ज्यादा देर तक नहीं टिकती लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी इस परेशानी का एक आसान घरेलू विकल्प गुलाब की पंखुड़ियों में छिपा है?
जी हां, घर में मौजूद गुलाब, नारियल तेल और वैसलीन की मदद से आप अपना लिप बाम तैयार कर सकते हैं. इसे बनाने का तरीका भी बेहद आसान है. यूट्यूब चैनल @RubykiRasoi पर रूबी ने गुलाब की पंखुड़ियों से लिप बाम बनाने का तरीका शेयर किया है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी…
लिप बाम बनाने के लिए चाहिए ये 3 चीजें
इस होममेड लिप बाम को तैयार करने के लिए आपको ज्यादा सामान जुटाने की जरूरत नहीं है. बस इन चीजों को इकट्ठा कर लें.
- गुलाब की पंखुड़ियां: एक मुट्ठी
- वैसलीन: आधा चम्मच
- नारियल तेल: 5 चम्मच
ऐसे तैयार करें नेचुरल लिप बाम
- इस लिप बाम को बनाने के लिए आपको न तो किसी महंगे उपकरण की जरूरत है और न ही घंटों मेहनत करनी पड़ेगी. बस इन स्टेप्स को फॉलो करें.
- सबसे पहले पंखुड़ियां साफ करें: गुलाब की पंखुड़ियों को अलग करके साफ पानी से 2-3 बार धो लें. इसके बाद इन्हें साफ कपड़े पर फैलाकर पूरी तरह सुखा लें.
- बनाएं गुलाब का पेस्ट: सूखी पंखुड़ियों को खलबट्टे में डालकर अच्छी तरह कूटें. जब इनका बारीक पेस्ट बन जाए तो इसे एक साफ कटोरी में निकाल लें.
- मिलाएं बाकी सामग्री: अब इसमें आधा चम्मच वैसलीन और 5 चम्मच नारियल तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- धीमी आंच पर गर्म करें: एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसके ऊपर मिश्रण वाली कटोरी रख दें. इसे 4-5 मिनट तक हल्का गर्म करें, ताकि गुलाब का रंग और अर्क तेल में मिल जाए.
- छानकर डिब्बी में भरें: तैयार मिश्रण को छन्नी से छान लें और साफ छोटी डिब्बी में भर दें.
- ठंडा होने दें: मिश्रण को कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद यह लिप बाम जैसा गाढ़ा हो जाएगा.
इन बातों का भी रखें ध्यान
इस लिप बाम को हमेशा साफ और सूखी डिब्बी में रखें. इसमें पानी या गंदगी न जाने दें. गुलाब से एलर्जी या संवेदनशीलता होने पर पहले थोड़ी मात्रा में पैच टेस्ट करें. अगर आपको किसी तरह की एलर्जी होती है, तो तुरंत डॉक्टर्स से संपर्क करें.
ये भी पढ़ें: Watch Video: सुबह-सुबह जोरदार झटकों से कांपा नेपाल, सामने आया पहला वीडियो; देख कांप उठेंगे आप