हाल ही में आईआईटी बॉम्बे के द्वितीय वर्ष के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके चलते छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. परिसर में पुलिस तैनात की गई है और उसकी मौत के आसपास की परिस्थितियों की जांच चल रही है.
बताया जा रहा है कि मौत से कुछ घंटे पहले उसे परीक्षा में उत्तर खोजने के लिए चैटजीपीटी का इस्तेमाल कर रहा था. पिछले छह महीनों में पवई परिसर में इस तरह की यह तीसरी घटना है.
छात्र ने चैटजीपीटी पर किया पेपर अपलोड
कॉलेज ने मृतक छात्र की पहचान साहिल के रूप में की है, जो ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में द्वितीय वर्ष का छात्र था. आईआईटी बॉम्बे के अनुसार, उसने अपने प्रश्नों के उत्तर पाने के प्रयास में परीक्षा का प्रश्न पत्र चैटजीपीटी पर अपलोड किया था.
हालांकि IIT बॉम्बे ने यह स्पष्ट किया है कि उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई है. पाठ्यक्रम प्रशिक्षक और विभागाध्यक्ष ने छात्र से इस मामले पर चर्चा की, उसे समझाया और बताया कि इस घटना से उसके शैक्षणिक करियर पर कोई असर नहीं पड़ेगा. इसके बाद वह अपने छात्रावास के कमरे में लौट गया, लेकिन कुछ ही समय बाद उसका शव छात्रावास के कमरे में मिला.
संस्थान ने जारी किया बयान
आईआईटी बॉम्बे के अनुसार, वे इस दुखद घटना से बेहद दुखी हैं और छात्र के मित्रों, सहपाठियों और शिक्षकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं. संस्थान ने आगे कहा कि वे इस घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं.
छात्रों ने किया प्रदर्शन
इस मौत के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है और प्रशासन से इस मामले में जवाबदेही की मांग की है. एक छात्र ने कहा, “यह इकलौती घटना नहीं है. इस साल ही दो से अधिक ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं.” कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात है. छात्रों और प्रशासन के बीच बातचीत जारी रहने के दौरान स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि परिसर में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है और प्रशासन तथा प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच समाधान की दिशा में बातचीत चल रही है. उन्होंने आगे कहा कि मौत की जांच जारी है.
मानसिक स्वास्थ्य के लिए वंद्रेवाला फाउंडेशन की हेल्पलाइन : 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com
टीआईएसएस आईकॉल: 022-25521111 (सोमवार से शनिवार, सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
यदि आपको या आपके किसी परिचित को सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने आस-पास के किसी मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर से संपर्क करें.