Nashik Sexual Harassment-Religious Conversion Case: महाराष्ट्र के नासिक में एक सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कंपनी में कुछ महिला कर्मचारियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. अब इस मामले की पीड़िता का बयान सामने आया है. पीड़िता ने बयान में दोस्ती, नौकरी का लालच, शादी का झांसा, जबरन संबंध, धर्म बदलने का दबाव और निजी तस्वीरों से ब्लैकमेल जैसे कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
पीड़िता ने निजी चैनल ‘आज तक’ से बातचीत करते हुए बताया कि उसकी मुलाकात जनवरी 2022 में दानिश शेख से हुई थी. दोनों ने एक ही कॉलेज से पढ़ाई की थी, इसलिए उनके बीच जल्दी दोस्ती हो गई. फिर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं.
दानिश ने की शारीरिक संबंध बनाने की मांग
उन्होंने बताया कि जुलाई 2022 में दानिश ने उससे मिलने के दौरान अचानक शारीरिक संबंध बनाने की मांग की. उसने जबरदस्ती उसे अपनी तरफ खींचा और किस किया. जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो दानिश ने शादी का प्रस्ताव रख दिया. उसने कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है, जिससे पीड़िता असमंजस में पड़ गई. उसने तुरंत जवाब देने के बजाय बाद में सोचकर फैसला बताने की बात कही.
पीड़िता ने बताया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद पीड़िता ने दानिश की सलाह पर एक MNC में इंटरव्यू दिया और उसका चयन हो गया. दानिश भी उसी कंपनी में काम करता था. इसी दौरान दानिश का दोस्त तौसीफ अख्तर और निदा खान भी उनके साथ जुड़ गए और अक्सर कैंटीन या बाहर साथ समय बिताने लगे.
हिंदू और मुस्लिम धर्म के बीच बताते थे अंतर
इसी दौरान धर्म को लेकर चर्चाएं शुरू हुईं. दानिश और तौसीफ अक्सर हिंदू और मुस्लिम धर्म के बीच अंतर बताने लगे और अपने धर्म को श्रेष्ठ साबित करने की कोशिश करते थे. वे हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों और मान्यताओं पर सवाल उठाते थे और उसे इस्लाम अपनाने के लिए समझाने लगे. धीरे-धीरे यह बातचीत दबाव में बदलने लगी और पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का मानसिक दबाव बढ़ने लगा.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि अगस्त 2024 में दानिश उसे बाइक पर घुमाने के बहाने एक होटल ले गया. वहां उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए. इस घटना के बाद मामला और गंभीर हो गया, क्योंकि दानिश के दोस्त तौसीफ को यह बात पता चल गई. इसके बाद तौसीफ ने इस रिश्ते का फायदा उठाकर पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और खुद भी संबंध बनाने का दबाव डालने लगा.
तौसीफ भी करता था अश्लील हरकतें
ऑफिस में भी तौसीफ उसके साथ अश्लील हरकतें करता था, उसकी कमर और शरीर के निचले हिस्से को पकड़ता था, जिससे वह बेहद असहज और शर्मिंदा महसूस करती थी. मामले में बड़ा मोड़ फरवरी 2026 में आया, जब एक महिला ने पीड़िता को मैसेज किया.
बातचीत करने पर पता चला कि वह दानिश शेख की पत्नी है और उसके दो बच्चे भी हैं. यह जानकर पीड़िता हैरान रह गई, क्योंकि दानिश ने खुद को अविवाहित बताया था. जब पीड़िता ने उससे इस बारे में सवाल किया, तो उसने झूठ बोलते हुए सब कुछ नकार दिया. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे नौकरी, शादी और धर्म के नाम पर सुनियोजित तरीके से फंसाया गया.
आरोपियों के बैंक खातों को खंगाल रही जांच टीम
बता दें कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों को खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उन्हें अवैध गतिविधियों को अंजाम देने के लिए पैसे मिले थे. अब तक सात कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें छह पुरुष और एक महिला है. जांचकर्ताओं के मुताबिक एक अन्य महिला कर्मचारी फरार है.
पुलिस ने आठ महिला कर्मचारियों की शिकायतों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था. वहीं कंपनी ने नासिक कार्यालय में यौन उत्पीड़न में कथित रूप से शामिल कर्मचारियों के निलंबित कर दिया है.