PM Modi Net Worth: 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने 1987 में भारतीय जनता पार्टी यानी BJP के सदस्य बने, इसके बाद उनके राजनीतिक करियर का आगाज हुआ. गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने बीजेपी में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक पदों पर सेवाएं दी हैं.
2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से पहले बीजेपी के लिए राष्ट्रीय सचिव और महासचिव के रूप में कार्य किया. साल 2001 से 2014 तक वो गुजरात के मुख्यमंत्री रहे. इसके बाद 2014 से वो देश के प्रधानमंत्री के पद पर हैं.
पीएम मोदी ने कितनी की है पढ़ाई?
PM मोदी ने अपनी शुरूआती शिक्षा अपने गृहनगर वडनगर में ही की. 1967 में वहीं के स्थानीय विद्यालय से उच्च माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री ली. उन्होंने 1978 में ओपन लर्निंग से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री प्राप्त की थी. इसके बाद उन्होंने 1987 में गुजरात यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में ही मास्टर्स की डिग्री ली.
पीएम के पास कितनी है संपत्ति?
इतने साल से राजनीति में सक्रिय रहने और इतने महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने के बावजूद PM मोदी सादगीपूर्ण जीवनशैली में विश्वास करते हैं. इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि पीएम की नेटवर्थ महज 4.01 करोड़ रुपये है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से वित्त वर्ष 2025-26 तक की उनकी घोषित नेटवर्थ 4,01,60,999 रुपये से बताई जाती है.
इसके अलावा साल 2024 के लोकसभा चुनाव में जब पीएम मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से पर्चा भरा था, तब चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति के बारे में बताया था. उस समय पीएम मोदी ने अपनी अपनी कुल चल संपत्ति 3.02 करोड़ रुपये घोषित की थी, जबकि अचल संपत्ति शून्य थी.
पीएम मोदी के पास खुद के नाम पर न कोई जमीन है और न ही कोई फ्लैट. उनके पास अपनी कार तक नहीं है. हां, ज्वैलरी के नाम पर उनके पास सोना वगैरह है. दस्तावेज के मुताबिक उनके पास चार सोने की अंगूठियां हैं, जिनका कुल वजन करीब 45 ग्राम है. इनकी अनुमानित कीमत 4,58,864 रुपये बताई गई है.