Rewa Viral Video: रीवा के संजय गांधी अस्पताल से एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है. सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में एक घायल युवक के साथ मारपीट और बाल पकड़कर घसीटने का दृश्य दिख रहा है. बताया जा रहा है कि ये घटना रविवार देर रात की है. वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल में मरीजों के साथ हो रहे व्यवहार पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं.
जमीन विवाद में घायल हुआ था युवक
जानकारी के अनुसार मनगवां थाना क्षेत्र के आलमगंज गांव में जमीन विवाद को लेकर लड़ाई हुई थी. इसमें शयन द्विवेदी नाम का युवक घायल हो गया था. परिजन उसे इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल लेकर आए थे. युवक का कहना है कि इलाज के दौरान डॉक्टर ने उससे पूछा कि कहां-कहां चोट लगी है. वह अपनी चोट बता ही रहा था, तभी डॉक्टरों ने उस पर नाटक करने का आरोप लगा दिया. इसी बात से दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
यहां देखें वीडियो :
मप्र के चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल के गृह जिले रीवा के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों और परिजनों के बीच मारपीट बहुत आम बात है…इसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए…! https://t.co/CQjMBNudww
— Rupesh Mishra (@rupeshmishramp) October 4, 2026
ये भी पढ़ें: ‘तेलंगाना में ये क्या हो रहा है…’ कांग्रेस नेता ने दलित महिला को मारा थप्पड़, खींचे बाल, AAP ने उठाया सवाल
डॉक्टर और गार्ड पर मारपीट का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि बहस बढ़ने के बाद डॉक्टरों और सुरक्षा गार्डों ने उसके साथ मारपीट की. उसका बाल पकड़कर उसे घसीटा गया. इस दौरान वहां मौजूद एक शख्स पूरी घटना का वीडियो बना रहा था, तो उसके साथ भी मारपीट की गई. पीड़ित पक्ष का कहना है कि अस्पताल में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. फिलहाल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. वीडियो की जांच के बाद ही सच सामने आएगा.
ये भी पढ़ें: UP Election 2027: SIR के बाद अब SSR की तैयारी, यूपी वोटर लिस्ट में फिर हो सकता है बड़ा बदलाव, जानें EC का प्लान