Shahnawaz Hussain’s Son Wedding Guest List: हरियाणा की राजनीति से जुड़ी एक शादी इन दिनों चर्चा में है. जगाधरी से कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का निकाह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज हुसैन से हुआ है. इस निकाह में राजनीति से जुड़े कई बड़े नेताओं ने शिरकत की. खास बात यह है कि इस शादी में कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों से जुड़े परिवार एक रिश्ते में बंध गए हैं.
दिल्ली के PSOI क्लब में हुआ निकाह
अफशां और अरबाज के निकाह की रस्में रविवार रात नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित PSOI क्लब में आयोजित की गईं. इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की जानकारी सामने आई है. अफशां ने मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है, जबकि अरबाज इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का कारोबार करते हैं. दोनों का रिश्ता अरेंज मैरिज के जरिए तय हुआ था.
आज नई दिल्ली मे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सैयद शाहनवाज हुसैन जी के सुपुत्र के विवाह समारोह में सम्मिलित होकर नवयुगल को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। https://t.co/nMXKT2WFxp
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) October 25, 2026
राहुल गांधी को भी दिया गया था न्योता
शादी से कुछ दिन पहले कांग्रेस विधायक अकरम खान, कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी निकाह का न्योता देने पहुंचे थे. उस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य और कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा भी मौजूद थीं. इस शादी की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि दुल्हन के पिता कांग्रेस से विधायक हैं, जबकि दूल्हे के पिता भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं. हालांकि, यह पारिवारिक रिश्ता है और इसे दोनों राजनीतिक दलों के बीच किसी राजनीतिक समझौते के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.
कौन हैं कांग्रेस विधायक अकरम खान?
अकरम खान हरियाणा के यमुनानगर जिले के खिजरी गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने 1996 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था. वर्ष 2009 में वह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर जगाधरी से विधायक बने. बाद में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया. 2024 के विधानसभा चुनाव में अकरम खान ने कांग्रेस के टिकट पर 67,403 वोट हासिल कर जीत दर्ज की. वह ओमप्रकाश चौटाला सरकार में गृह राज्य मंत्री और बाद में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके हैं. उनके पिता चौधरी मोहम्मद असलम खान भी विधायक रहे थे.
कौन हैं शाहनवाज हुसैन?
सैयद शाहनवाज हुसैन भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं. वह वर्ष 1999 में बिहार के किशनगंज से लोकसभा सांसद चुने गए थे. अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में उन्होंने कई केंद्रीय मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली और सितंबर 2001 में नागरिक उड्डयन मंत्री बने. बाद में वह भागलपुर से भी सांसद चुने गए. वर्ष 2021 से 2022 तक उन्होंने बिहार सरकार में उद्योग मंत्री के रूप में काम किया.
ये भी पढ़ें: Tamil Nadu Jailbreak: रात के अंधेरे में 17 कैदी फरार! स्टाफ पर हमला कर मचाई अफरा-तफरी; थेनी जेल में हुआ बड़ा कांड
राजनीति से अलग पारिवारिक रिश्ता
अफशां और अरबाज का निकाह दो राजनीतिक परिवारों को रिश्तेदारी में जोड़ता है. एक ओर अकरम खान कांग्रेस के विधायक हैं, तो दूसरी ओर शाहनवाज हुसैन भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं. इस वजह से यह शादी राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: अब आएगा लॉरेंस का दिमाग ठिकाने! 200 सीरियल किलर और आतंकी; भारत की सबसे खतरनाक जेल में रहेगा गैंगस्टर