JustKeth Udaipur Livestream Incident: राजस्थान के उदयपुर में रात के समय लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थाई-फ्रेंच मूल की एक महिला यूट्यूबर उस वक्त असहज हो गई, जब एक भारतीय युवक उसके पास पहुंचा और बार-बार लिप किस करने की मांग करने लगा. महिला ने कई बार मना किया, लेकिन इसके बावजूद युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
यह घटना राजस्थान के उदयपुर में रात के समय हुई, जब यूट्यूबर जस्टकेथ एक भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थी. इसी दौरान एक युवक उसके पास आया और उससे अजीबोगरीब मांग करने लगा.
वीडियो में क्या है?
वीडियो में युवक को कहते सुना जा सकता है, “एक किस प्लीज, एक लिप किस.” इस पर जस्टकेथ तुरंत मना कर देती है और साफ कर देती है कि वह ऐसा नहीं करना चाहती. हालांकि, युवती के बार-बार इनकार करने के बावजूद युवक उससे किस मांगता रहता है. इस दौरान उसके चेहरे के हावभाव से साफ पता चलता है कि वह युवक की इस हरकत से असहज महसूस कर रही है.कुछ देर बाद युवक उससे किस की जगह साथ में एक तस्वीर खिंचवाने के लिए कहता है. इस बार यूट्यूबर उसकी बात मान लेती है और उसके साथ फोटो खिंचवाती है.
A Thai YouTuber was harassed during a livestream in Udaipur, where a man demanded a lip kiss instead of a selfie. This is disgusting. No woman should have to face such harassment while travelling in India. https://t.co/jsxknrVlBu
— Sarcastic. (@Sarcaztick) November 15, 2026
हाथ मिलाने से किया इन्कार
हालांकि, पूरी बातचीत के दौरान वह सहज नजर नहीं आती. इसके बाद जब युवक वहां से जाने लगता है, तो वह हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाता है. लेकिन जस्टकेथ हाथ मिलाने के बजाय उसे मुट्ठी से टकराकर (Fist Bump) विदा करती है.JustKeth ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “कम से कम उसने पूछा तो सही.”
5 मिलियन से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियो
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसे अब तक 50 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने युवक के व्यवहार और बार-बार मना करने के बावजूद किस मांगते रहने पर सवाल उठाए हैं. कई लोगों ने युवक की इस मांग पर हैरानी जताई, तो कुछ यूजर्स ने सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं को अजनबियों की ऐसी हरकतों से होने वाली परेशानी पर चिंता जाहिर की. एक यूजर ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “ओह! यह तो हद है.” इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत सीमाओं और सहमति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. लोगों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के इनकार का सम्मान करना जरूरी है. भले ही बातचीत सामान्य या मजाकिया अंदाज में क्यों न हो, किसी की मर्जी के खिलाफ बार-बार ऐसी मांग करना गलत है.