IPS Officer Ajay Pal Sharma: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के अंतिम चरण में बुधवार (28 अप्रैल, 2026) को 142 सीटों पर मतदान होना है. भारतीय निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) मतदान के अंतिम चरण के लिए पूरी तैयारी कर चुका है. इस बीच उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा (Uttar Pradesh cadre IPS officer Ajay Pal Sharma) का एक वीडियो वायरल तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें वह तृणमूल कांग्रेस के दो प्रत्याशियों को हिदायत देते हुए नजर आ रहे हैं. इसके बाद पश्चिम बंगाल से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक सियासत गरमा गई है. इस स्टोरी में हम आपको बताएंगे कौन हैं अजय पाल शर्मा और लगातार क्यों बने रहते हैं चर्चा में.
पश्चिम बंगाल चुनाव में बनाए गए हैं पर्यवेक्षक
पश्चिम बंगाल चुनाव में EC की ओर से अजय पाल शर्मा को पर्यवेक्षक बनाया गया है. इसी कड़ी में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए उन्हें दक्षिण परगना जिले में तैनात किया गया है. यह क्षेत्र मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और दिग्गज नेता अभिषेक बनर्जी का गढ़ भी है. वीडियो वायरल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस गढ़ में अजय पाल शर्मा की तैनाती को लेकर भी कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं.
एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर भी जाने जाते हैं अजय पाल शर्मा
वर्ष 2011 बैच के यूपी कैडर के अधिकारी अजय पाल शर्मा को बेहद तेजतर्रार पुलिस अधिकारी माना जाता है. उन्हें एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर भी जाना जाता है. वह तत्काल एक्शन लेने के साथ निर्णय लेने के लिए भी जाने जाते हैं. फिलहाल उनसे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऐसे में अब पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में उनकी तैनाती को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं.
यूपी सीएम योगी के करीबी है अजय पाल शर्मा
अपने तेजतर्रार निर्णय के लिए मशहूर आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को सीएम योगी के पसंदीदा अफसरों में गिना जाता है. अजय पाल को यूपी का ‘सिंघम’ और ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के नाम से भी जाना जाता है. यह भी दावा किया जाता है कि उन्होंने यूपी में अपराध पर लगाम लगाने में काफी हद तक सफलता पाई है. अपराधियों के खिलाफ उनके कई अभियान चर्चा में रहे हैं.
कहां के रहने वाले हैं अजय पाल शर्मा
मूल रूप से लुधियाना (पंजाब) के रहने वाले 41 वर्षीय अजय पाल शर्मा ने बीडीएस (डेंटल साइंस) की पढ़ाई की है और वह पेशेवर डॉक्टर भी रहे हैं. यह सब उन्होंने पुलिस सेवा में आने से पहले किया है. इसके बाद उन्होंने तैयारी की. भारतीय प्रशासनिक सेवा में उम्दा प्रदर्शन करने वाले वर्ष 2011 बैच के अधिकारी हैं. वर्तमान में अजय पाल शर्मा प्रयागराज (पूर्व में इलाहाबाद) में ज्वाइंट सीपी के पद पर तैनात हैं. इससे पहले वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली और गौतमबुद्धनगर के अलावा जौनपुर और रामपुर में भी बतौर आईपीएस अधिकारी चुनौती दे चुके हैं.