Amitabh Bachchan Viral Post: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या टीवी शो नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर किया गया उनका एक रहस्यमयी पोस्ट है. बिग बी ने एक्स (X) पर सिर्फ दो शब्द लिखे- ‘बच गए’. उनके इस पोस्ट ने लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि यह पोस्ट ऐसे समय आया है, जब मुंबई स्थित उनके घर ‘जलसा’ को पिछले एक महीने में तीन बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है. वहीं, दिल्ली पुलिस ने अमिताभ बच्चन पर हमले की कथित साजिश के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो संदिग्ध शूटरों को भी गिरफ्तार किया है.
अमिताभ बच्चन ने आधी रात को किया रहस्यमयी पोस्ट
अमिताभ बच्चन ने 15 और 16 नवंबर की दरमियानी रात एक्स पर ‘बच गए’ लिखकर पोस्ट किया. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि आखिर वह किस बात को लेकर ऐसा कह रहे हैं. उनका यह पोस्ट ऐसे वक्त सामने आया, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार किया था. इन पर एक कारोबारी और अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित साजिश में शामिल होने का शक है.
बिश्नोई गैंग से जुड़े दो संदिग्ध शूटर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर उर्फ विक्की और तरनतारन निवासी दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है. दोनों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया. जांच में सामने आया कि विकास को दिल्ली के एक कारोबारी पर गोलीबारी करने की जिम्मेदारी दी गई थी. वह मुंबई से दिल्ली पहुंचा था. वहीं, दीपक को कथित तौर पर मुंबई में छिपकर अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित घर ‘जलसा’ पर हमले की जिम्मेदारी दी गई थी. पुलिस ने पहले विकास और फिर दीपक को गिरफ्तार किया. जांच एजेंसियों को शक है कि अमिताभ को निशाना बनाने की कथित साजिश का संबंध 1984 के सिख विरोधी दंगों पर उनके एक बयान से हो सकता है. हालांकि, इस मामले में हमले की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
T 5847 – बच गए
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) November 14, 2026
एक महीने में जलसा को मिलीं तीन बम धमकियां
अमिताभ बच्चन के घर जलसा को पिछले एक महीने में तीन बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है.
- 23 अक्टूबर: पहली धमकी में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय और अमिताभ के घर को निशाना बनाने की बात कही गई थी. एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले का भी जिक्र था.
- 6 नवंबर: दूसरी धमकी में जलसा, बॉम्बे हाईकोर्ट और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को निशाना बनाने की बात कही गई. इसमें खालिस्तान का भी जिक्र था.
- 12 नवंबर: तीसरी धमकी में अमिताभ का घर, मुंबई एयरपोर्ट, मेयर कार्यालय और कई बैंकों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी.
फैंस से मुलाकात के दौरान भी बढ़ाई गई सुरक्षा?
लगातार मिल रही धमकियों के कारण अमिताभ बच्चन की रविवार को होने वाली फैंस से मुलाकात के दौरान भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी. 1 नवंबर को बिग बी बुलेटप्रूफ कांच के पीछे खड़े होकर प्रशंसकों से मिले थे. हालांकि, 8 और 15 नवंबर को वह बिना बुलेटप्रूफ कांच के अपने फैंस का अभिवादन करते नजर आए. 15 नवंबर को उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके पास खड़े दिखाई दिए और आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. इन धमकियों के बाद जलसा के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई. हालांकि, जांच के दौरान किसी भी जगह से संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. फिलहाल दिल्ली पुलिस इस कथित हमले की साजिश की जांच कर रही है. पुलिस आरोपियों के गैंग से संबंध, हथियारों की सप्लाई और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है. वहीं, अमिताभ के ‘बच गए’ पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं.