Jafar Panahi jail sentence: जफर पनाही को सुनाई गई सजा के साथ दो साल तक सोशल मीडिया गतिविधियों पर रोक और दो साल का यात्रा प्रतिबंध भी लगाया गया है. यह फैसला तेहरान की रिवोल्यूशनरी कोर्ट की शाखा 26 ने सुनाया. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फैसला पनाही की गैरमौजूदगी में दिया गया और उन्हें सुनवाई की तारीख की सूचना नहीं दी गई थी. उनके वकील के मुताबिक, इस नए मामले में दोषी ठहराए जाने के आधार अब तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. पनाही इससे पहले भी एक अलग मामले में एक साल की जेल की सजा का सामना कर रहे थे. दिसंबर 2025 में उन्हें ईरानी व्यवस्था के खिलाफ प्रचार गतिविधियों के आरोप में सजा सुनाई गई थी. इस फैसले के खिलाफ उनकी अपील भी खारिज हो चुकी है.
ईरानी नेतृत्व की आलोचना करते रहे हैं पनाही
जफर पनाही समकालीन ईरानी सिनेमा के सबसे चर्चित निर्देशकों में शामिल हैं. वह लंबे समय से ईरान के राजनीतिक नेतृत्व की आलोचना करते रहे हैं. विदेशी मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा की निंदा भी की थी. उनकी फिल्मों में ईरानी समाज, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सत्ता से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से दिखाई देते हैं. साल 2009 में ईरान में हुए चुनाव के बाद विरोध प्रदर्शनों के बीच पनाही को गिरफ्तार किया गया था. वर्ष 2010 में अदालत ने उन्हें 20 साल तक फिल्म बनाने, इंटरव्यू देने और विदेश यात्रा करने से प्रतिबंधित कर दिया था. इसके बावजूद उन्होंने अलग-अलग तरीकों से फिल्म निर्माण जारी रखा. पिछले करीब दो दशकों में उन्हें जेल, यात्रा प्रतिबंध और नजरबंदी जैसी कार्रवाइयों का सामना करना पड़ा है.
पेन ड्राइव में छिपाकर देश से बाहर भेजी थी फिल्म
पनाही ने 2011 में This Is Not a Film बनाई थी. इस फिल्म को पेन ड्राइव में छिपाकर ईरान से बाहर भेजा गया और कान फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया. साल 2015 में आई उनकी फिल्म Taxi में उन्होंने खुद टैक्सी चालक की भूमिका निभाते हुए ईरानी समाज और वहां की व्यवस्था को दिखाया. उनकी फिल्मों 3 Faces और No Bears को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली. बर्लिन, वेनिस और कान जैसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में उनकी फिल्मों को पहचान मिली. पनाही ने अपनी फिल्मों के जरिए सामाजिक और राजनीतिक प्रतिबंधों के बीच आम लोगों की जिंदगी को पर्दे पर उतारा.
सात महीने जेल में रहने के बाद बनाई फिल्म
पनाही की फिल्म It Was Just an Accident को 2025 के कान फिल्म फेस्टिवल में प्रतिष्ठित पाल्मे डी’ओर पुरस्कार मिला था. इस फिल्म को 2026 के ऑस्कर में अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में नामांकन भी मिला. नाही ने इस फिल्म की शूटिंग ईरान में गुप्त रूप से की थी. यह फिल्म उन्होंने करीब सात महीने जेल में बिताने के बाद बनाई थी. वर्ष 2023 में भूख हड़ताल के बाद उन्हें जेल से रिहा किया गया था. इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी फिल्म का प्रचार किया और मार्च 2026 में ईरान लौट आए. उनकी वापसी ऐसे समय हुई, जब अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ था. अब नई सजा के बाद उनके सामने एक बार फिर कानूनी चुनौतियां खड़ी हो गई हैं.