Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दुखद मामला सामने आया है. सर्वोदय नगर स्थित रेव मोती मॉल में एक युवक ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी महिला मित्र से मिलने मॉल पहुंचा था. दोनों के बीच बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इसके कुछ ही देर बाद युवक ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.
महिला मित्र से मिलने दोस्तों के साथ पहुंचा था मॉल
मृतक की पहचान चमनगंज निवासी सिकंदर के रूप में हुई है. वह बुधवार, 11 नवंबर की शाम अपने दोस्तों और रिश्तेदार के साथ सर्वोदय नगर स्थित रेव मोती मॉल पहुंचा था. कुछ देर बाद उसने फोन करके अपनी महिला मित्र को भी वहां बुलाया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से जान-पहचान और प्रेम संबंध थे. सिकंदर करीब एक साल पहले विदेश से नौकरी छोड़कर कानपुर लौटा था.
शादी को लेकर दोनों के बीच हुई कहासुनी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिकंदर जब विदेश में नौकरी कर रहा था, तब भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी. हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते में दूरी आ गई थी. युवक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि महिला मित्र अब उससे पहले की तरह बातचीत नहीं कर रही थी. बुधवार को मॉल में मुलाकात के दौरान सिकंदर ने उससे शादी को लेकर बात की, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.
‘आखिरी बार प्यार से बात कर लो… फिर हुआ कुछ ऐसा
सिकंदर ने युवती से आखिरी बार प्यार से बात करने की गुजारिश भी की थी. उसने कहा था कि इसके बाद वह उसे परेशान नहीं करेगा और न ही मिलने आएगा. हालांकि, युवती वहां से जाने लगी. इसके बाद सिकंदर अपने दोस्त के पास पहुंचा और उसे अपना मोबाइल फोन व घड़ी दे दी. इसी दौरान उसने मॉल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी. युवक को नीचे गिरता देखकर मॉल में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद लोगों और उसके साथियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही काकादेव थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. काकादेव थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में युवक के परेशान रहने की बात सामने आई है. पुलिस दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है. महिला मित्र से मुलाकात के दौरान वास्तव में क्या हुआ और युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है. परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.