Snake Viral Video: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के सामन्तरापुर क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां इंदिरा हाउसिंग कॉलोनी में रहने वाले ज्ञान रंजन महापात्र के घर के बेडरूम में अचानक एक जहरीला सांप दिखाई देने से पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य उस वक्त घबरा गए जब उन्होंने कमरे के अंदर कपड़े टांगने वाले हैंगर पर एक बड़ा विषैला सांप बैठे हुए देखा.
इस सांप की लंबाई करीब 4 फीट थी. बताया जा रहा है कि इस सांप क व्यवहार काफी आक्रामक था. जैसे ही कोई उसके पास जाने की कोशिश करता, वह फन उठाकर जोर-जोर से फुफकारने लगता.
स्नेक हेल्पलाइन को दी गई सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्नेक हेल्पलाइन को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही टीम का एक सदस्य मौके पर पहुंचा और स्थिति का निरीक्षण किया. बेडरूम के अंदर हैंगर पर सांप को बैठे देख वह भी हैरान रह गया, क्योंकि उसी हैंगर पर कपड़े भी टंगे हुए थे. सांप को पकड़ने के दौरान काफी सावधानी बरती गई. विशेषज्ञ ने धीरे-धीरे पूरे हैंगर को नीचे उतारा, ताकि सांप को बिना छेड़े सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके. कुछ समय बाद सांप खुद ही हैंगर से अलग हुआ, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से पकड़कर बैग में रखा गया.
सांप को पकड़कर सुरक्षित वातावरण में छोड़ा गया
बाद में उस सांप को शहर से दूर उसके प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया, जिससे इंसानों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा बनी रहे. यह घटना दिखाती है कि शहरों में भी अब ऐसे मामले बढ़ते जा रहे हैं, जहां जंगली जीव इंसानी बस्तियों तक पहुंच रहे हैं. ऐसे हालात में घबराने की बजाय तुरंत विशेषज्ञों से संपर्क करना ही सबसे सुरक्षित तरीका होता है. अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ और सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया.