स्त्री में जाना और पाताल लोक में हथौड़ा… अभिषेक बनर्जी के वे 6 किरदार, जिन्होंने लोगों को किया हैरान
Abhishek Banerjee: अभिषेक बनर्जी ने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए हैं. कभी उन्होंने अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसाया तो कभी गंभीर और डरावने किरदार से चौंका दिया. उनके अभिनय की खास बात यह है कि वह हर भूमिका में एक अलग अंदाज लेकर आते हैं. स्त्री के जाना से लेकर पाताल लोक के हथौड़ा त्यागी तक, उनके कई किरदार दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुके हैं.
स्त्री
स्त्री फिल्म में जाना के किरदार ने अभिषेक बनर्जी को खास पहचान दिलाई. हॉरर के बीच उनका किरदार कहानी में हंसी का माहौल बनाता है. जाना की बोलने की शैली, उसकी हरकतें और बाकी किरदारों के साथ उसकी बातचीत दर्शकों को काफी पसंद आई. यही वजह है कि स्त्री के बाद भी मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स में जाना का किरदार लोगों की याद में बना रहा.
ड्रीम गर्ल 2
ड्रीम गर्ल 2 में अभिषेक बनर्जी का किरदार कहानी में कॉमेडी के साथ भावनाओं का रंग भी जोड़ता है. फिल्म में करम अपनी जिंदगी की परेशानियों से जूझ रहा होता है और उसे पूजा के रूप में एक तरह का सहारा मिलता है. हालांकि उसे यह नहीं पता होता कि पूजा की असली पहचान करम ही है. आयुष्मान खुराना के साथ अभिषेक ने इस उलझन को मजेदार अंदाज में पेश किया. उनके एक्सप्रेशन और कॉमिक टाइमिंग ने इस हिस्से को और दिलचस्प बना दिया.
स्टोलन
स्टोलन में अभिषेक ने कॉमेडी से बिल्कुल अलग गंभीर भूमिका निभाई. उन्होंने गौतम बंसल नाम के एक आम शहरी व्यक्ति का किरदार निभाया, जिसकी जिंदगी एक बच्चे के अपहरण की घटना के बाद अचानक बदल जाती है. हालात उसे ऐसी मुश्किल स्थिति में पहुंचा देते हैं, जहां उसे लगातार नए फैसले लेने पड़ते हैं. कहानी के साथ गौतम के व्यवहार और भावनाओं में आने वाले बदलाव को अभिषेक ने काफी सहज तरीके से निभाया.
वेदा
वेदा में अभिषेक बनर्जी ने एक सख्त और नकारात्मक किरदार निभाया. फिल्म में वह जितेंद्र प्रताप सिंह नाम के गांव के दबंग मुखिया बने हैं. उनका किरदार जाति और शादी से जुड़े अपने बनाए नियमों को लोगों पर थोपता है. यह किरदार अभिषेक के पहले के कॉमिक किरदारों से काफी अलग थी. एक्शन और गंभीर माहौल वाली इस फिल्म में उन्होंने अपने अभिनय का एक नया पहलू दिखाया.
पाताल लोक
पाताल लोक में हथौड़ा त्यागी का किरदार अभिषेक बनर्जी की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली भूमिकाओं में से एक है. इस किरदार की खासियत यह थी कि उसे डरावना बनाने के लिए ज्यादा संवादों की जरूरत नहीं थी. अभिषेक की खामोशी, चेहरे के भाव और उनकी नजरें ही किरदार का डर पैदा करती थीं. उन्होंने कम बोलकर भी हथौड़ा त्यागी की खतरनाक छवि को दर्शकों तक पहुंचाया.
लस्ट स्टोरीज 3
लस्ट स्टोरीज 3 में अभिषेक बनर्जी ने देबेंदु का किरदार निभाया. यह एंथोलॉजी प्यार, रिश्तों और इंसानी भावनाओं से जुड़ी अलग-अलग कहानियां दिखाती है. अभिषेक वाली कहानी में उनके साथ कोंकणा सेन शर्मा नजर आईं. ट्रेलर में उनके किरदार की ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई थी लेकिन उनकी झलक ने दर्शकों की दिलचस्पी जरूर बढ़ाई. इस भूमिका में भी अभिषेक को एक अलग अंदाज में देखा गया.