Amit Bhatt: 2 साल तक मुंडवाया सिर, 283 बार हुए गंजे, बूढे बनकर मिली शोहरत, पैर छूते थे लोग
Amit Bhatt: टीवी का सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ आज भी अपने किरदारों की वजह से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए है. 90 के दशक के लोगों के लिए ये आज भी पसंदीदा बना हुआ है. इन्हीं किरदारों में एक नाम है चंपकलाल गड़ा यानी जेठालाल के पिताजी बापूजी का, जिसे अभिनेता अमित भट्ट ने अपनी शानदार एक्टिंग से यादगार बना दिया. दिलचस्प बात यह है कि पर्दे पर जेठालाल के बूढ़े पिता का किरदार निभाने वाले अमित भट्ट जब इस शो से जुड़े थे, तब उनकी उम्र महज 35 साल थी. अब वे 53 साल के हैं. असल जिंदगी में वह अपने ऑनस्क्रीन बेटे दिलीप जोशी यानी जेठालाल से भी छोटे हैं.
बूढ़ा दिखाने के लिए विग और मेकअप का लिया सहारा
अमित भट्ट लगभग 15 साल तक थिएटर में काम कर चुके थे और अलग-अलग उम्र के किरदार निभाने का अनुभव भी उनके पास था. इसके कारण उन्होंने चंपकलाल जैसे बुजुर्ग किरदार को बखूबी निभाया. शो की शुरुआत में उन्हें बूढ़ा दिखाने के लिए विग और भारी मेकअप का सहारा लिया जाता था. इस किरदार के लिए उन्हें रोजाना लगभग दो से ढाई घंटे मेकअप में लगते थे और लंबे शूट के दौरान विग पसीने से भीग जाती थी.
दो साल में 283 बार मुंडवाया सिर
अमित ने बिना घरवालों को बताए एक सैलून जाकर अपना सिर मुंडवा लिया. इसके बाद 'चंपकलाल' का लुक इतना वास्तविक नजर आने लगा कि दर्शकों को यकीन हो गया कि वह सच में बुजुर्ग हैं. शो के शुरुआती दो सालों में चंपकलाल टोपी नहीं पहनते थे, इसलिए अमित को हर दूसरे दिन सिर मुंडवाना पड़ता था. उनके मुताबिक, उन्होंने दो सालें में लगभग 283 बार अपना सिर मुंडवाया. यह सिर्फ लुक के लिए की गई मेहनत नहीं थी बल्कि उस किरदार को पूरी ईमानदारी से पर्दे पर उतारने का जुनून था.
35 साल की उम्र में बने बुजुर्ग
उनकी मेहनत का असर ऐसा हुआ कि कई बार लोग उन्हें सचमुच बुजुर्ग समझ लेते थे. अमित ने बताया था कि जब वह 35 साल के थे, तब उनसे उम्र में काफी बड़े लोग भी उनके पैर छूकर उन्हें 'बापूजी' कहते थे. हालांकि अब वे 53 साल के हो गए हैं और जल्द ही शो छोड़ सकते हैं.
मिला दर्शकों का प्यार और सम्मान
शुरुआत में उन्हें यह थोड़ा अजीब लगता था और वह लोगों से ऐसा न करने के लिए कहते थे लेकिन बाद में उन्हें समझ आया कि यह उनके किरदार के प्रति दर्शकों का सम्मान और प्यार था. धीरे-धीरे चंपकलाल का किरदार शो की पहचान बन गया और अमित भट्ट घर-घर में 'बापूजी' के नाम से मशहूर हो गए.
बापूजी का रियल परिवार
अमित भट्ट की पत्नी और बच्चे पर्दे पर सख्त और संस्कारी बापूजी नजर आने वाले अमित भट्ट की निजी जिंदगी भी काफी सादगी भरी है. उन्होंने कृति भट्ट से 27 अप्रैल 1999 को शादी की थी. कृति एक क्वालिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन हैं. दोनों के जुड़वां बेटे देव और दीप भट्ट हैं. परिवार लाइमलाइट से काफी दूर रहना पसंद करता है. हालांकि कृति सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफेशनल और फैमिली लाइफ से जुड़ी पोस्ट्स शेयर करती रहती हैं.